विदिशा जिले के गरीब मजदूर परिवारों पर बिजली विभाग की ज्यादती बंद हो: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश सरकार और विद्युत वितरण कंपनी से मांग की है कि अन्यायपूर्ण कार्रवाई को तत्काल रोका जाए और गरीब मजदूर परिवारों को राहत दी जाए।

Updated: Mar 13, 2026, 05:53 PM IST

भोपाल। राज्यसभा सांसद एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने विदिशा जिले के गरीब परिवारों पर बिजली विभाग द्वारा ज्यादती के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नेता ने जिले की सिरोंज तहसील के कई गांवों में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा गरीब मजदूर परिवारों के खिलाफ विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने तथा अब लोक अदालत में उपस्थित होकर जुर्माने की राशि जमा करने के लिए दबाव बनाए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस पूरी कार्रवाई को अत्यंत अन्यायपूर्ण और अमानवीय बताया है।

सिंह ने कहा कि सिरोंज तहसील के ग्राम बरखेड़ा ताल के 35 परिवारों, ग्राम बनारसी के 10 परिवारों, ग्राम इमलानी के 30 परिवारों, ग्राम मुंडरा बागल के 30 परिवारों तथा ग्राम देहरी के 35 गरीब मजदूर वर्ग के परिवारों के पास वर्षों से एक-बत्ती कनेक्शन रहे हैं। समय के साथ इन परिवारों का विस्तार हुआ, लेकिन सरकार द्वारा पूर्व में दिए गए इन्हीं एक-बत्ती कनेक्शनों का उपयोग ये परिवार करते रहे। इन लोगों ने कई बार अलग-अलग कनेक्शन देने के लिए आवेदन भी किए, किंतु उनकी मांगों को अनसुना कर दिया गया। अब उन्हीं परिवारों के खिलाफ विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज कर उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं और ₹5,000 से ₹7,000 तक का जुर्माना वसूलने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि लोगों द्वारा बार-बार मांग करने के बावजूद उन्हें नए कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए गए और एक ही परिवार के सदस्य पुराने एक-बत्ती कनेक्शन का उपयोग कर बिजली का उपभोग कर रहे हैं, तो उनके खिलाफ विद्युत चोरी के प्रकरण दर्ज करना और उन्हें न्यायालय में समझौते के लिए बाध्य करना पूर्णतः अन्यायपूर्ण है।

सिंह ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब किसान और मजदूर वर्ग अपनी फसल समेटने और कृषि कार्यों में व्यस्त है, तब बिजली विभाग उनके ऊपर हजारों रुपये का जुर्माना थोपकर उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान कर रहा है। इन गरीब परिवारों के सामने यह गंभीर संकट खड़ा हो गया है कि वे इतनी बड़ी राशि कहां से लाएं।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस दिए गए हैं, उनके घरों में न तो बिजली विभाग का मीटर लगा है और न ही उनके नाम से कोई पृथक वैध बिजली कनेक्शन स्वीकृत है। ऐसे में गरीब मजदूर परिवारों पर हजारों रुपये का जुर्माना लगाना विभाग की मनमानी और प्रशासनिक उत्पीड़न का स्पष्ट उदाहरण है।दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश सरकार और विद्युत वितरण कंपनी से मांग की है कि इस अन्यायपूर्ण कार्रवाई को तत्काल रोका जाए और गरीब मजदूर परिवारों को राहत दी जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की लापरवाही और मनमानी के कारण गरीबों को परेशान किया जा रहा है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।