LPG किल्लत के बीच सक्रीय हुए साइबर ठग, मुंबई में 4 दिन में लोगों से लूटे गए 26.43 लाख रुपये

मुंबई में गैस किल्लत के डर का फायदा उठाकर साइबर ठगों ने बड़ा जाल बिछाया है। खुद को महानगर गैस अधिकारी बताकर ठग कनेक्शन काटने की धमकी देते हैं और लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।

Updated: Mar 13, 2026, 02:20 PM IST

मुंबई। ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव और देशभर में एलपीजी गैस की संभावित कमी की खबरों के बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं। मुंबई में गैस कनेक्शन काटने की धमकी देकर लोगों को ठगने के कई मामले सामने आए हैं। पिछले चार दिनों में शहर के अलग अलग इलाकों में हुई चार घटनाओं में ठगों ने लोगों से कुल 26 लाख 43 हजार रुपये की ठगी कर ली।

जानकारी के मुताबिक, साइबर अपराधी खुद को महानगर गैस लिमिटेड का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करते हैं। वे उपभोक्ताओं से कहते हैं कि उनके गैस कनेक्शन का बिल बकाया है और अगर तुरंत भुगतान नहीं किया गया तो कनेक्शन बंद कर दिया जाएगा। घबराए लोगों को पहले केवल 10 से 20 रुपये का भुगतान करने के लिए कहा जाता है और इसके लिए उन्हें एक mahanagar apk नाम की फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है।

यह भी पढ़ें:MP में गहराया LPG संकट, सर्वर ठप होने से ऑनलाइन बुकिंग बंद, एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

जैसे ही लोग इस फाइल को डाउनलोड कर उस पर क्लिक करते हैं वैसे ही ठगों को उनके मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच मिल जाती है। इसके बाद साइबर अपराधी उनके बैंक खातों से पैसे निकाल लेते हैं और पीड़ितों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

पुलिस के अनुसार, पिछले चार दिनों में विले पार्ले और वडाला सहित मुंबई के कई इलाकों से ऐसी चार घटनाएं सामने आई हैं। इन मामलों में ठगों ने मिलकर 26 लाख 43 हजार रुपये से अधिक की रकम लोगों से ठग ली है।

देश में गैस आपूर्ति को लेकर पहले से ही लोगों में चिंता का माहौल है। अंतरराष्ट्रीय हालात और गैस किल्लत की खबरों के कारण लोग परेशान हैं। इसी डर का फायदा उठाकर साइबर ठग लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं और उन्हें नकली कॉल और फर्जी एप के जरिए ठगी का शिकार बना रहे हैं।

यह भी पढ़ें:CG: LPG संकट के बीच आपदा में अवसर तलाश रहे बिचौलिए, बिलासपुर में अवैध रिफिलिंग सेंटर से 55 सिलेंडर जब्त