Sachin Yadav: समय पर यूरिया खाद देने के लिए रैक पॉइंट बनाएं

Urea Crisis: ट्रांसपोर्ट में अधिक समय लगने की वजह से किसानों को समय पर नहीं मिल रहा है यूरिया खाद, नया रैक पॉइंट बनाने की माँग

Updated: Jul 29, 2020, 03:32 AM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री व कांग्रेस नेता सचिन सुभाष यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखा है। कांग्रेस नेता सचिन यादव ने मांग की है कि खरगोन जिले में स्थित सेल्दा रेलवे स्टेशन पर रैक पॉइंट बनाया जाए। उन्होंने कहा है कि ट्रांसपोर्ट में अधिक समय लगने की वजह से किसानों को समय पर यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

यादव ने कहा है कि आज निमाड़ का किसान जहां एक ओर कोविड 19 के चलते आर्थिक बोझ तले दबता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर रासायनिक उर्वरकों के समय पर न मिलने कारण परेशान है। खरीफ फसलों की बोवनी पूर्ण हो चुकी है। वर्तमान में किसानों को रासायनिक खाद/ उर्वरक समय पर नहीं मिल रहा है। जिसके कारण किसान परेशान हैं। किसानों को अपनी फसलों की उपज के लिए तत्काल उर्वरकों की आवश्यकता है। निमाड अंचल के खरगोन और बड़वानी जिलों के लिए वर्तमान में इन उर्वरकों की रैकें मांगल्या (इन्दौर) और खण्डवा पाईन्ट से उपलब्ध कराया जाता है, जो कि खरगोन और बडवानी जिलों से अधिक दूरी पर होने के कारण उर्वरक समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

पूर्व कृषि मंत्री ने किसानों को आसानी से समय पर खाद मिल सके इसके लिए सेल्दा में रैक पॉइंट बनाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा है कि निमाड अंचल में उर्वरकों की मांग को ध्यान में रखते हुए नजदीकी रेल्वे स्टेशन खरगोन जिले के सनावद तहसील अंतर्गत सेल्दा तक चलने वाली रेलगाड़ी का रैक पॉइन्ट बनाने से उर्वरक सुगमता से उपलब्ध हो सकेगा और किसानों को निश्चित ही इसका लाभ मिलेगा।