इंदौर में राहुल गांधी आज छात्रों से करेंगे संवाद, कांग्रेस ने 2 लाख रजिस्ट्रेशन का किया दावा
कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जबकि प्रशासन को करीब 15 हजार विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इस कार्यक्रम को 31 शर्तों के साथ अनुमति दी गई है।
इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर में कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम क्षेत्रीय पार्क के सामने आयोजित किया जा रहा है, जहां राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से शिक्षा, भर्ती परीक्षाओं, पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर संवाद करेंगे।
राहुल गांधी दोपहर 2 बजे इंदौर पहुंचेंगे। शाम साढ़े 5 बजे रीजनल पार्क के सामने स्थित IDA ग्राउंड में कार्यक्रम में शामिल होंगे। छात्र शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं और परीक्षा प्रणाली से जुड़े सवाल राहुल गांधी से कर सकेंगे। राहुल गांधी का इंदौर में पहला और देश में 5वां कार्यक्रम है।
कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम के लिए करीब 2 लाख रजिस्ट्रेशन हुए हैं, जबकि प्रशासन को करीब 15 हजार विद्यार्थियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। इस कार्यक्रम को 31 शर्तों के साथ अनुमति दी गई है। इनमें 1500 स्वयंसेवक तैनात करने, कम से कम 6 प्रवेश और 8 निकास द्वार बनाने, 40 नाइट-विजन CCTV लगाने और आपात स्थिति में 12 मिनट में स्थल खाली कराने की योजना तैयार करने के निर्देश हैं।
पुलिस ने कार्यक्रम की अनुमति के साथ राहुल के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई 1991 को श्रीपेरंबदूर में हुई हत्या और उसकी जांच के लिए गठित जस्टिस जेएस वर्मा आयोग की रिपोर्ट का हवाला दिया है। सुरक्षा चूकों को ध्यान में रखते हुए आयोजकों की जिम्मेदारियां तय की गई हैं।
राहुल गांधी की इंदौर यात्रा में राजनीति के साथ शहर के जायके का रंग भी नजर आ रहा है। शनिवार को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ आयोजन से एक दिन पहले राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर इंदौर के पोहे-जलेबी का जिक्र कर युवाओं से जुड़ने की कोशिश की। उन्होंने पूछा कि खिला रहा है इंदौर, पोहे-जलेबी या कुछ और? इंदौर की सराफा चौपाटी और 56 दुकान खान-पान के लिए प्रसिद्ध हैं। पांच साल पहले जब राहुल गांधी चुनावी रैली में शामिल होने के लिए इंदौर आए थे, तो 56 दुकान भी गए थे। शनिवार को भी वे 56 दुकान जा सकते हैं।




