मोरक्को में भूकंप ने मचाई भारी तबाही, अब तक दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत, 3 दिन के शोक का ऐलान

अफ्रीकी देश मोरक्को में भूकंप आने की वजह से अभी तक दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और अभी तक 2 हजार से ज्यादा लोग घायल भी हो चुके हैं।

Updated: Sep 10, 2023, 09:07 AM IST

अफ्रीकी देश मोरक्को में भूकंप में मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक दो हजार से ज्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और लगभग इतने ही लोग बुरी तरह से घायल भी हुए हैं। भूकंप प्रभावित इलाकों में लोगों को बचाने की कोशिशें जारी हैं ताकि जनहानि को कम किया जा सके।

भूकंप से हुई मौतों के बाद देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान कर दिया गया है। भूकंप के झटके काफी तेज होने की वजह से सैकड़ों इमारतें ढह गई हैं या फिर वे बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। घायलों को बचाने के लिए अस्थायी अस्पताल बनाए गए हैं और सेना को भी रेस्क्यू ऑपरेशन में लगा दिया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में तबाही का मंजर देखा जा सकता है। 

मोरक्को में आए भूकंप से ऐतिहासिक शहर मराकेश तबाह हो गया। यहां कई ऐतिहासिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। मराकेश शहर में बिजली गुल हो चुकी है। भूकंप का असर इंटरनेट सेवाओं पर भी दिखा है। बिजली गुल होने से नेटवर्क टावर बंद हो गए हैं, जिससे इंटरनेट बाधित हुआ है। सड़कों पर अब भी मलबे पड़े हैं। इस वजह से खोज और बचाव अभियान के लिए सड़कें साफ करने की कोशिश की जा रही है।

देश के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ जियोफिजिक्स के प्रमुख का कहना है कि शनिवार सुबह आया भूकंप 100 सालों में आया सबसे शक्तिशाली भूकंप है। उन्होंने कहा कि भूकंप का केंद्र दक्षिण-पश्चिम मोरक्को में अल-हौज क्षेत्र था। यह मराकेश से करीब 71 किलोमीटर दूर था।

दुनियाभर के देशों ने मोरक्को में आई इस आपदा पर दुख जताया है और मदद का वादा किया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जी20 सम्मेलन की शुरुआत में ही इस हादसे पर दुख जताया और कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।