तंजानिया में भीषण प्लेन हादसा, लैंडिंग के ठीक पहले झील में जा गिरा यात्रियों से भरा विमान
तंजानिया के लेक विक्टोरिया में रविवार को एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमें 49 लोग सवार थे। अब तक 23 लोगों के बचाए जाने की खबर है।

डोडोमा (तंजानिया)। अफ्रीकी देश तंजानिया में रविवार को एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक लैंडिंग के पहले विमान एयरपोर्ट के समीप स्थित एक झील में जा गिरा। घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। अबतक 23 लोगों को जीवित बाहर निकाला जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के दौरान प्लेन में कुल 49 लोग सवार थे। झील में क्रैश हुआ विमान प्रिसीजन एयर कंपनी का था। कंपनी के बयान के मुताबिक ये एक कमर्शियल फ्लाइट थी, जो लेक विक्टोरिया में क्रैश हो गई। प्रिसीजन एयर के प्रवक्ता ने बताया कि प्लेन बुकोबा एयरपोर्ट के साथ अफ्रीका की सबसे बड़ी झील में प्लेन क्रैश हुआ है।
Precision Air plane crashes into Lake Victoria while trying to land in Tanzania; no word on casualties pic.twitter.com/EpRrgPvAVB
— BNO News (@BNONews) November 6, 2022
तंजानिया के प्रेसिडेंट ने सोशल मीडिया पर लिखे अपने संदेश में लोगों से शांति और धैर्य की अपील की है। राष्ट्रपति समोआ सुलुहू ने रविवार को एक ट्वीट में लिखा, ‘मुझे दुख के साथ ये सूचना मिली है कि प्रिसीजन एयर फ्लाइट लेक विक्टोरिया में क्रैश हो गई।'
तंजानिया की पुलिस ने बताया कि एक यात्री विमान खराब मौसम की वजह से रविवार तड़के विक्टोरिया झील में गिर गया। प्लेन को उत्तर पश्चिमी शहर बुकोबा में लैंड करना था, उसी दौरान ये हादसा हुआ है। इसके साथ ही पुलिस ने बताया कि यात्रियों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।