मेहुल चोकसी को भारत लाने के लिए डोमिनिका पहुंचा भारतीय विमान

मेहुल चोकसी के एंटीगुआ से लापता होने के बाद हाल ही में डोमिनिका में गिरफ्तार किया गया था, डोमिनिका की जेल से मेहुल चोकसी की एक तस्वीर भी सामने आई थी, जिसमें चोकसी के शरीर पर चोट का निशान दिख रहा था

Updated: May 30, 2021, 04:28 AM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

नई दिल्ली। भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी को भारत लाने की सुगबुगाहट तेज़ हो गई है। चोकसी को भारत लाने के लिए भारतीय विमान डोमिनिका एयरपोर्ट पहुंच गया है। जल्द ही चोकसी को भारत को सौंपा जा सकता है। 

इससे पहले डोमिनिका जेल में कैद होने के बाद मेहुल चोकसी की तस्वीर भी सामने आई थी। जिसमें चोकसी के शरीर पर चोट के निशान दिख रहे थे। चोकसी की आंख लाल दिख रही थी, वहीं हाथ पर चोट के निशान थे।

मेहुल चोकसी भारत में हुए 13 हज़ार करोड़ के पीएनबी घोटाले का आरोपी है। चोकसी घोटाले के सामने आने के बाद से ही फरार था। उसने नवंबर 2017 में ही एंटीगुआ की नागरिकता ले ली थी। पिछले तीन सालों से चोकसी एंटीगुआ में ही रह रहा था।

यह भी पढ़ें : डोमिनिका में पकड़ा गया भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी, क्यूबा जाने के प्रयास में था

23 मई की शाम को चोकसी अचानक एंटीगुआ से लापता हो गया। इसके बाद चोकसी के क्यूबा भाग जाने के दावे किए जाने लगे। विभिन्न रिपोर्ट्स में दावे किए गए कि एंटीगुआ में उसकी नागरिकता खत्म करने के लिए लगातार भारत सरकार एंटीगुआ की सरकार पर दबाव बना रही थी। इसकी भनक लगते ही चोकसी वहां से फरार होकर क्यूबा स्थित अपने आलीशान बंगले में रहने गया है। 

यह भी पढ़ें : भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी एंटीगुआ से हुआ गायब, क्यूबा में छुपने का अंदेशा

इसके बाद चोकसी को डोमिनिका में पकड़ लिया गया। इसके बाद डोमिनिका की पुलिस चोकसी को अपने साथ हिरासत में ले गई। एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउने का एक बयान भी सामने आया जिसमें उन्होंने कहा कि वे डोमिनिका की सरकार से चोकसी को सीधे भारत को सौंपने का आग्रह करेंगे।