साउथ कोरिया में लैंडिंग के दौरान प्लेन क्रैश, 179 लोगों की मौत, सिर्फ दो लोग जिंदा बचे

जेजू एयर की एक फ्लाइट मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्रैश हो गई। कोरिया टाइम्स के मुताबिक हादसे में 181 लोगों में से 179 लोगों के शव बरामद हुए हैं।

Updated: Dec 29, 2024, 12:38 PM IST

सियोल। साउथ कोरिया में रविवार को बैंकॉक से आ रही जेजू एयर की एक फ्लाइट मुआन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर क्रैश हो गई। कोरिया टाइम्स के मुताबिक हादसे में 181 लोगों में से 179 लोगों के शव बरामद हुए हैं। जबकि 2 लोगों को जिंदा बचा लिया गया है।

न्यूज एजेंसी योनहाप के मुताबिक एयरपोर्ट पर लैंड करते वक्त प्लेन के लैंडिग गियर में खराबी आई थी। इसकी वजह से प्लेन को बिना लैंडिंग गियर के लैंड करना पड़ा। लैंड करने के बाद प्लेन रनवे पर फिसलता हुआ, एयरपोर्ट की बाउंड्री से टकराकर क्रैश हो गया। इसके बाद प्लेन आग के गोले में बदल गया। एजेंसी के मुताबिक विमान में 6 क्रू मेंबर और 175 यात्री सवार थे।

दक्षिण कोरिया की अग्निशमन एजेंसी ने रविवार को बताया कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अब तक एक फ्लाइट अटेंडेंट और एक यात्री को बचा लिया गया है। विमान में 181 लोग सवार थे। राष्ट्रीय अग्निशमन एजेंसी ने एक बयान में कहा, 'फिलहाल दो लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें एक यात्री और एक फ्लाइट अटेंडेंट शामिल हैं।' साथ ही, एजेंसी ने यह भी कहा कि मुआन हवाई अड्डे पर दुर्घटना स्थल पर 32 दमकल गाड़ियां और दर्जनों अग्निशमन कर्मी तैनात किए गए हैं।

हादसा भारतीय समय के मुताबिक सुबह 5:37 बजे (लोकल टाइम सुबह 9:07 बजे) हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक एयरपोर्ट पर सभी लोकल और इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं। जो प्लेन क्रैश हुआ है, वह अमेरिकी कंपनी बोइंग का 737-800 प्लेन था। प्लेन ने एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए दो बार कोशिश की। पहली बार में भी लैंडिग गियर नहीं खुलने की वजह से प्लेन लैंड नहीं हो पाया था। इसके बाद प्लेन ने एयरपोर्ट का एक चक्कर लगाया था।

पायलट ने दूसरी बार प्लेन को बिना लैंडिग गियर के ही लैंड करा दिया। कई मीडिया रिपोर्ट्स में मुताबिक प्लेन के विंग से पक्षी के टकराने का दावा किया जा रहा है। इसकी वजह से लैंडिग गियर खराब हुआ और लैंड करते वक्त खुल नहीं पाया। बता दें कि चार दिन पहले 25 दिसंबर को अजरबैजान से रूस जा रहा एक प्लेन कजाकिस्तान के अक्ताउ एयरपोर्ट के पास क्रैश हो गया था। प्लेन में 5 क्रू मेंबर समेत 67 लोग सवार थे। इनमें से 38 लोगों की मौत हो गई थी।