सितंबर में भारत आ सकते हैं राष्ट्रपति जो बाइडन, G20 लीडर्स समिट में होंगे शामिल

अमेरिका के एक अधिकारी ने इस बात के संकेत दिए हैं कि इस साल अमेरिका के राष्ट्रपति भारत दौरे पर आ सकते हैं, उनके जी20 के लीडर्स समिट में शामिल होने की संभावना जताई गई है।

Updated: Apr 23, 2023, 11:04 AM IST

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन सितंबर में भारत के दौरे पर आ सकते हैं। साउथ और सेंट्रल एशिया के एडमिनिस्ट्रेशन के मुख्य अधिकारी ने इस बात के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा है कि 2023 भारत-अमेरिका संबंधों के लिए बहुत ही विशेष रहने वाला है।

अमेरिका में दक्षिण-मध्य एशिया के लिए सहायक विदेश मंत्री डोनाल्ड लू ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडन सितंबर में भारत की यात्रा के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि जी-20 में भारत के नेतृत्व ने उसे दुनिया में भलाई के लिए एक ताकत के रूप में खड़े होने की उसकी क्षमता को और व्यापक बना दिया है। भारत जी-20 की मेजबानी अच्छे से कर रहा है। हमारे कई क्वाड सदस्य नेतृत्व भूमिकाएं निभा रहे हैं। यह हमें करीब लाने का अवसर मुहैया कराता है। 

डोनाल्ड लू ने आगे कहा, 'भारत में प्रेस की स्वतंत्रता और दुनिया के सबसे अधिक आबादी वाले देश में लोकतंत्र का समर्थन करने में पत्रकारों की भूमिका खास रही है। भारत में कुछ भी गुप्त नहीं रखा गया है। आपके पास लोकतंत्र के रूप में भारत है क्योंकि आपके पास स्वतंत्र प्रेस है जो वास्तव में काम करती है।' सितंबर में होने वाला बाइडन का भारत दौरा राष्ट्रपति के तौर पर उनकी पहली भारत यात्रा होगी।