श्रीलंका में प्रदर्शनकारियों ने घेरा राष्ट्रपति भवन, जान बचाकर भागे राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे

श्रीलंका में आर्थिक संकट को लेकर कई दिनों से प्रदर्शन चल रहा है, प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के आवास को घेर लिया, इस बीच खबर आई की वे अपने आवास से भाग गए हैं

Updated: Jul 09, 2022, 10:04 AM IST

कोलंबो। श्रीलंका में आर्थिक संकट को लेकर कई महीनों से विरोध प्रदर्शन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों ने शनिवार को आवास को घेर लिया। इस दौरान राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे किसी तरह जान बचाकर भागे। प्रदर्शकारियों ने राष्ट्रपति आवास पर कब्जा कर लिया है।

न्यूज एजेंसी AFP ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। न्यूज एजेंसी ने बताया है कि राष्ट्रपति घर पर नहीं हैं। बढ़ते विरोध प्रदर्शन के बीच वे घर छोड़कर भाग गए है। फिलहाल इस बात की जानकारी नहीं मिल सकी है कि वे कहां छिपे हैं। आशंका इस बात की भी है कि वे आने वाले समय में देश छोड़कर भाग जाएं।

इसके पहले राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को मंगलवार को संसद छोड़ कर जाना पड़ा था। देश में गहराते आर्थिक संकट के बीच संसद में विपक्षी सदस्यों ने उनके खिलाफ नारे लगाए। श्रीलंका की संसद के सदस्य हर्षा डि सिल्वा ने ट्विटर पर एक वीडियो क्लिप शेयर किया था जिसमें कुछ सांसद हाथों में तख्तियां लिए गोटा घर जाओ के नारे लगा रहे थे। इसके बाद वे संसद छोड़कर चले गए थे।

बता दें कि पड़ोसी देश श्रीलंका पिछले कई महीनों से बढ़ती महंगाई और भयंकर आर्थिक संकट का सामना कर रहा है। देश में ज़रूरी वस्तुएं खरीदने के लिए विदेशी मुद्रा खत्म हो गई है। ईंधन की कमी के कारण बिजली कटौती भी बहुत बढ़ गई है। श्रीलंका के प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे ने इसी हफ्ते संसद को बताया कि देश कंगाल हो गया है और आर्थिक संकट कम से कम साल के अंत तक रहने वाला है। 

देश की जनता इसके लिए राजपक्षे की नीतियों को जिम्मेदार मान रही है। राष्ट्रपति के खिलाफ लोगों में मन में भयंकर गुस्सा है। इससे पहले भीड़ कई सत्ताधारी दल के मंत्रियों के घरों में आग लगाने से लेकर पीट-पीटकर कर उनकी हत्या भी कर चुकी है।