Journalists died in accident: गुना में सड़क हादसे के दौरान दिल्ली की 3 महिला पत्रकारों की मौत

दिल्ली से ओंकारेश्वर घूमने आई 3 महिला पत्रकारों की मौत,एक गंभीर घायल, तेज रफ्तार कार के खंती में गिरने से हुआ था हादसा

Updated: Oct 11, 2020, 01:48 AM IST

Photo Courtesy: first news
Photo Courtesy: first news

गुना। शनिवार को बीनागंज बायपास पर एक तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में 3 महिलाओं की मौत हो गई। इस एक्सीडेंट में एक महिला गंभीर रूप से घायल है। खबर है कि ये महिला पत्रकार हैं, दिल्ली के किसी न्यूज चैनल में काम करती हैं। चारों पत्रकार दिल्ली से ओंकारेश्वर घूमने आई थीं। महिलाएं शनिवार को वापस दिल्ली लौट रही थी।

तभी बीनागंज बायपास पर कार का बैलेंस बिगड़ा और हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। जिसकी वजह से संतुलन बिगड़ गया और कार पलटी खाकर खंती में गिर गई। कार की रफ्तार काफी तेज थी जिससे उसके परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिलाओं बड़ी मशक्कत के बाद कार से बाहर निकाला जा सका। 

हादसे की जांच कर रहे चाचौड़ा थाना टीआई से मिली जानकारी के अनुसार इस एक्सीडेंट में एक 48 वर्षीय महिला संतोष कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दूसरी महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वाली महिलाओं के नाम गायत्री और पूनम था। पूनम की मौत इलाज के लिए शिवपुरी ले जाते वक्त हुई। इस हादसे में घायल महिला 45 वर्षीय बिंदु शर्मा के हाथ में चोट लगी है। अपने साथियों की मौत से वह सदमें में है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हादसे में मारी गई महिलाओं का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।