भोपाल में डीबी मॉल के सामने करंट लगने से भाजपा नेता की मौत, सड़क पार करते वक्त हुआ हादसा
भोपाल के एमपी नगर में रविवार रात स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट आने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। सड़क पार करते समय पोल पकड़ने पर उन्हें जोरदार झटका लगा।
भोपाल। राजधानी भोपाल के एमपी नगर क्षेत्र में रविवार रात करंट लगने से भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई। हादसा करीब रात 9 बजे हुआ जब वे शॉपिंग के लिए इलाके में पहुंचे थे। सड़क किनारे लगे बिजली के पोल में करंट दौड़ रहा था। जिसकी चपेट में आने से उनकी हालत गंभीर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दिव्यऋषि सड़क पार करने के लिए डिवाइडर पर पहुंचे थे। इसी दौरान संतुलन बनाने के लिए उन्होंने पास लगे पोल को हाथ से पकड़ लिया। पोल में करंट होने के कारण उन्हें तेज झटका लगा। बताया गया कि वे दूसरे हाथ से पास की दीवार को पकड़ने की कोशिश भी कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला भी करंट की चपेट में आ गई।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने दोनों को संभाला। दिव्यऋषि के बेसुध होकर गिरने पर पुलिसकर्मियों ने उन्हें सीपीआर दिया और तत्काल एम्स भोपाल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शी हेड कॉन्स्टेबल जगदीश दांगी के अनुसार, जिस पोल से हादसा हुआ उसे मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था। पुलिस को पोल के आसपास बिजली का तार खुला होने की जानकारी भी मिली है। अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि पोल में बिजली का करंट किस तरह पहुंचा और खुले तार की स्थिति वहां क्यों बनी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही एमपी नगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। हादसे से जुड़े बिजली के पोल, उसके कनेक्शन और मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान की गई व्यवस्था की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि करंट फैलने की वजह क्या थी और इसके लिए जिम्मेदार परिस्थितियां कैसे बनी।




