कूनो में खुदाई के दौरान मिले 42 प्राचीन सिक्के, वन विभाग पर लगे बाकी सिक्के छिपाने के आरोप

पालपुर रियासत के वंशज का आरोप है कि वन विभाग ने मजदूरों से छीनकर थोड़े सिक्के जब्त दिखा दिए। असल में कितना और क्या खजाना मिला, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

Updated: Oct 22, 2022, 08:13 AM IST

कूनो। चीतों के आने से चर्चा में आए मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में खुदाई के दौरान 42 प्राचीन सिक्के मिले हैं। इसकी खबर मिलते ही पालपुर रियासत के वंशज कूनो पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि वन विभाग ने अधिकारियों ने कुछ ही सिक्के बताए हैं।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार को कूनो नेशनल पार्क में खुदाई के दौरान 42 प्राचीन सिक्के मिले। ये सिक्के क्वीन विक्टोरिया, ग्वालियर रियासत और मुगलकालीन हैं। सिक्के गुरुवार को मिले थे, लेकिन वन विभाग ने शुक्रवार को पुलिस को जानकारी दी। ऐसे में वन विभाग की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है।

कूनो पालपुर रियासत के वंशज का आरोप है कि वन विभाग ने मजदूरों से छीनकर थोड़े सिक्के जब्त दिखा दिए। असल में कितना और क्या खजाना मिला, इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। कूनो की जमीन का मामला कोर्ट में चल रहा है तो विभाग ने वहां खुदाई कैसे करा दी।

यह भी पढ़ें: धनतेरस पर घर नहीं पहुँच सके 15 यात्री, हैदराबाद से गोरखपुर का सफ़र रहा अधूरा, रीवा बस हादसे में 40 घायल

मामले पर श्योपुर SP आलोक कुमार सिंह ने कहा कि कूनो नेशनल पार्क के अंदर पालपुर राजघराने की पुरानी गढ़ी है। यहां खुदाई के दौरान 42 सिक्के मिले हैं। इनका वजन 480 ग्राम है। 5 सिक्के क्वीन विक्टोरिया के समय 1840, जबकि 35 सिक्कों में फारसी भाषा लिखी हुई है। 2 सिक्के तांबे जैसी धातु वाले हैं। इन पर ग्वालियर रियासत लिखा हुआ है। सेसईपुरा थाना पुलिस ने इन्हें जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पालुपर रियासत के वंशज गोपाल सिंह का कहना है कि वन विभाग ने गुरुवार को खुदाई की थी। खजाने की जानकारी 24 घंटे बाद पुलिस को दी। गुरुवार को मुझे जानकारी मिल गई थी। हमारी गढ़ी के पास खुदाई में धन मिला है। मैं तुरंत पार्क पहुंच गया था, लेकिन गार्ड्स ने अंदर जाने नहीं दिया। मुझे वापस लौटा दिया।