महाकालेश्वर पर 80 लाख रुपए बकाया, टैक्स वसूलने मंदिर परिसर पहुंची नगर निगम की टीम

सन 1997 से महाकाल मंदिर समिति ने कोई भी टैक्स जमा ही नहीं किया है। जो अब बढ़कर करीब 80 लाख रुपए हो चूका है।

Updated: Mar 27, 2024, 07:18 PM IST

उज्जैन। करोड़ों रुपए की आय वाले विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर की देनदारी भी निकली है। महाकालेश्वर पर 80 लाख रुपए बकाया है। इस बात की जानकारी तब सामने आई जब रकम वसूलने नगर निगम की टीम महाकालेश्वर मंदिर पहुंची। नगर निगम के मुताबिक मंदिर समिति द्वारा 27 वर्षों से टैक्स जमा नहीं कराया गया है।

नगर निगम झोन क्रमांक तीन के सहायक संपत्ति अधिकारी कमलेश चावरे सहित चार लोगों की टीम बुधवार को महाकाल मंदिर के प्रशासनिक कार्यालय पहुंची। यहाँ पर उन्होंने महाकाल मंदिर समिति के सहायक प्रशासक प्रतिक द्विवेदी से बातचीत कर पिछले 27 साल के टैक्स के बारे में अवगत करवाया। 

दरअसल, सन 1997 से महाकाल मंदिर समिति ने कोई भी टैक्स जमा ही नहीं किया है। जो अब बढ़कर करीब 80 लाख रुपए हो चूका है। निगम के अधिकारी कमलेश चावरे ने बताया कि टैक्स का स्व निर्धारण 1997 से हुआ है। जो की अपडेट नहीं हो पाया था। मंदिर 1.9 हैक्टेयर में फैला हुआ है। इसमें से अभी कितना और बड़ा है कहां तक इसकी सीमा लग रही है। इसका निर्धारण भी करना शेष है।

महाकाल मंदिर को धारा 136-E के तहत संपत्ति कर में छूट मिली हुई है, लेकिन उपकर, शिक्षा उपकर,नगरीय विकास उपकर और सफाई कर अब तक जमा नहीं किया गया है। ये सभी 1997 से जमा नहीं किया गया है। इसमें करीब 80 लाख रुपए नगर निगम का टैक्स बन रहा है। जिसके लिए निगम ने मंदिर समिति से टैक्स भरने का आग्रह किया है।