गुना में नाबालिग छात्रा को किडनैप कर 9 लोगों ने किया गैंगरेप, धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह

गैंगरेप कि घटना से आक्रोशित लोगों ने बीनागंज-चांचौड़ा रोड जाम कर दिया है, चाचौड़ा विधायक लक्ष्मण सिंह भी लोगों के साथ धरने पर बैठ गए हैं, लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और घर तोड़ने की मांग कर रहे हैं।

Updated: Oct 29, 2022, 08:21 AM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक स्कूली छात्रा की किडनैपिंग और गैंगरेप का मामला सामने आया है। घटना जिले के चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बीनागंज का है। गैंगरेप कि घटना से आक्रोशित लोगों ने बीनागंज-चाचौड़ा सड़क को ब्लॉक कर दिया है। स्थानीय कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह के साथ सैंकड़ों की संख्या में लोग धरने पर बैठे हैं।

गैंगरेप पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बच्ची 10वीं की छात्रा है। शुक्रवार सुबह वह स्कूल के लिए निकली थी। अमूमन शाम 4.30 बजे तक वापस आ जाती है, लेकिन कल देर तक नहीं आई तो पहले हमने सोचा कि शायद सहेली के साथ होगी। देर शाम तक नहीं लौटी तो उसे खोजने निकले। इसी बीच फोन आया कि बच्ची एक मकान के पीछे पड़ी हुई है। वहां पहुंचे तो बेटी बेहोश पड़ी थी। उसे इलाज के लिए बीनागंज स्वास्थ्य केंद्र ले गए, वहां से गुना रेफर कर दिया।

गैंगरेप कि घटना सामने आते ही नगरवासियों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने पहले पूरा नगर बंद करवाया, इसके बाद हाइवे पर जाम लगा दिया। जिससे वाहनों की आवाजाही थमने के कारण दूर दूर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स भी तैनात है। नारेबाजी के साथ विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है आरोपियों को फांसी की सजा दी जाए, तभी ये आंदोलन थमेगा।

स्थानीय कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह भी लोगों के साथ धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कीजिए, तभी यहां से उठेंगे। उन्होंने आरोपियों के घर गिराने की मांग की है। प्रभारी SP विनोद सिंह चौहान सहित प्रभारी SDM वीरेंद्र सिंह मौके पर मौजूद हैं। गुना CSP श्वेता गुप्ता ने बताया कि चांचौड़ा थाने में अपहरण समेत पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच की जा रही है। 

चांचौड़ा के प्रभारी SDM वीरेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि इस घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई भी की जा रही है। एक बार लड़की के बयान हो जाएं, इसके बाद स्थिति और साफ हो पाएगी।