9 साल 9 सवाल: चुप्पी तोड़िए मोदी जी, सांसद शक्ति सिंह गोहिल ने भोपाल में आकर केंद्र सरकार से पूछे 9 सवाल

देश में महंगाई और बेरोज़गारी आसमान क्यों छू रही है? अमीर और अमीर क्यों हो रहे हैं और ग़रीब और ग़रीब? सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी जी के मित्रों को क्यों बेचा जा रहा है? आर्थिक विषमताएं क्यों बढ़ रही हैं?: शक्ति सिंह गोहिल

Updated: May 27, 2023, 07:26 PM IST

भोपाल। केंद्र की मोदी सरकार के सत्ता में 9 साल पूरे होने पर जहां एक तरफ बीजेपी प्रेस कांफ्रेंस कर अपनी उपलब्धियां गिना रही है, वहीं कांग्रेस ने केंद्र सरकार से 9 साल के 9 सवाल पूछने का अभियान चलाया हुआ है। शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने देश भर में 35 जगहों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोदी सरकार पर हमला बोला। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद और गुजरात सरकार में मंत्री रहे शक्ति सिंह गोहिल शनिवार को राजधानी भोपाल पहुंचे और यहां प्रेस कांफ्रेंस कर केंद्र सरकार के 9 साल पर 9 सवाल पूछे।

1. अर्थव्यवस्था:-

अर्थव्यवस्था को लेकर कांग्रेस सांसद ने पूछा कि,
"देश में महंगाई और बेरोज़गारी आसमान क्यों छू रही है? अमीर और अमीर क्यों हो रहे हैं और ग़रीब और ग़रीब? सार्वजनिक संपत्तियों को मोदी जी के मित्रों को क्यों बेचा जा रहा है? आर्थिक विषमताएं क्यों बढ़ रही हैं? 2014 के बाद से सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है, जबकि इस अवधि में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से 70 डॉलर प्रति बैरल गिर गई हैं। युवा बेरोज़गारी 30-40 प्रतिशत तक बढ़ गई है, वहीं गरीबों के लिए वेतन वृद्धि निगेटिव रही है।" गोहिल ने कहा कि यह एक विनाशकारी रिकॉर्ड है। 

2. कृषि और किसान:-

कृषि क्षेत्र को लेकर कांग्रेस सांसद ने पूछा कि, "काले कृषि कानूनों को रद्द करते समय किसान संगठनों के साथ हुए समझौतों को अभी तक लागू क्यों नहीं किया गया है? एमएसपी की गारंटी क्यों नहीं दी गई? पिछले 9 सालों में भी किसानों की आय क्यों दोगुनी नहीं हुई।" 

3. भ्रष्टाचार/ मित्रवाद:-

गोहिल ने आगे कहा, "ऐसा क्यों है कि अडानी को फ़ायदा पहुंचाने के लिए LIC और SBI में जमा जनता के ख़ून पसीने की कमाई को दांव पर लगा दिया? आप चोरों को क्यों भागने दे रहे हैं? आप भाजपा शासित राज्यों में हुए भ्रष्टाचार पर चुप क्यों हैं?

4. चीन और राष्ट्रीय सुरक्षा:-

गोहिल ने पूछा कि, "ऐसा क्यों है कि चीन को लाल आँख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री ने उसे 2020 में क्लीन चिट दे दी, जबकि वह आज भी हमारी ज़मीन पर कब्ज़ा करके बैठा है? चीन के साथ 18 बैठकें हुई हैं, फिर भी वह क्यों आक्रमक रवैया अपनाते हुए हमारी पवित्र भूमि से वापस नहीं जा रहे हैं?"

5. सामाजिक सद्भाव:-

गोहिल ने आरोप लगाते हुए कहा कि आप चुनावी फ़ायदे के लिए जान बूझ कर बंटवारे की राजनीति को हवा क्यों दे रहे हैं और समाज में डर का माहौल क्यों बना रहे हैं? 

6. सामाजिक न्याय:-

कांग्रेस सांसद ने पूछा, "ऐसा क्यों है कि आपकी दमनकारी सरकार सामाजिक न्याय की नींव को ध्वस्त कर रही है? महिलाओं, दलितों, अजा, अजजा, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रहे अत्याचारों पर आप चुप क्यों हैं? जाति जनगणना की मांग को क्यों नजर अंदाज कर रहे हैं?"

7. लोकतांत्रिक संस्थाएं:-

उन्होंने सातवें सवाल में पूछा कि, "पिछले 9 सालों में संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमज़ोर किया गया है? विपक्षी दलों और नेताओं के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई क्यों की जा रही है? क्यों जनता द्वारा चुनी हुई विपक्षी दलों की कई सरकारें गिराई गई?"

8. जनकल्याण की योजनाएं:-

शक्ति सिंह गोहिल ने पूछा कि, "बजट में कटौती करके मनरेगा जैसी जनकल्याण की योजनाओं को कमज़ोर क्यों किया गया? ग़रीब, आदिवासी एवं जरूरतमंदों के सपनों को क्यों कुचला जा रहा है?।कोविड–19 महामारी के दौरान देश के गरीबों को राहत देने में मनरेगा और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की महत्वपूर्ण भूमिका के बावजूद, आपने कभी भी यूपीए के समय की इन महत्वपूर्ण योजनाओं पर भरोसा नहीं जताया। यहां तक आपने संसद में मनरेगा का मज़ाक भी उड़ाया। क्या इसीलिए आपने मनरेगा के आवंटन में कटौती की है और काम के दिनों की संख्या कम कर दी है?"

9. कोरोना मिसमैनेजमेंट:-

गोहिल ने आखिरी सवाल करते हुए कहा, "ऐसा क्यों है कि कोरोना के कारण 40 लाख लोगों की मौत के बाद उनके परिवारों को मुआवजा देने से मना कर दिया गया? क्यों अचानक लॉकडाउन करके लाखों कामगार साथियों को घर जाने के लिए मजबूर किया गया और उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया?"