भोपाल से लटेरी जा रही यात्री बस खेत में पलटी, 15 लोग घायल

हादसा नजीराबाद थाना क्षेत्र के रुनाहा के पास हुआ। बस में सवार 12 से ज्यादा यात्रियों को चोट आई हैं। वहीं बाइक सवार दो युवक भी घायल हुए हैं।

Updated: Dec 06, 2024, 09:17 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बड़ा हादसा हुआ है। भोपाल से लटेरी जा रही यात्रियों से भरी एक बस गुरुवार शाम अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। पलटने से पहले बस ने सड़क पर खड़े बाइक सवारों को टक्कर भी मारी। हादसे में बस में सवार 12 से ज्यादा यात्रियों को चोटें आई हैं। वहीं बाइक सवार दो युवक भी घायल हुए हैं।

हादसा नजीराबाद थाना क्षेत्र के रुनाहा के पास हुआ।  सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवारों को ज्यादा चोट आई है। थाना प्रभारी कृष्णा सिंह ने बताया कि भोपाल से बस लटेरी जा रही थी। रुनाहा के पास बाइक सवार सड़क किनारे खड़े थे। उन्हें टक्कर मारने के बाद चालक ने स्टीयरिंग से संतुलन खो दिया और बस सड़क किनारे खेत में जा पलटी। 

बस पलटते ही चीख पुकार मच गई। यात्री बुरी तरह घबरा गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बस चालक की लापरवाही सामने आई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायल बाइक सवारों के बयान के बाद बस चालक पर मामला दर्ज किया जाएगा। घायल बाइक सवार राजा गौर को फरियादी बनाया गया है।