दिल्ली में विपक्ष की महारैली आज, राहुल की लोगों से अपील- कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं
राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा दिल्ली, तैयार हो जाओ। वोट बचाओ, देश बचाओ। कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं। या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं। मगर, आना जरूर है।
नई दिल्ली। दिल्ली का रामलीला मैदान आंदोलन में रंग में रगने जा रहा है। यहां देर रात से ही अलग-अलग जगहों से आए लोगों का जुटान शुरू हो गया है। कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक रामलीला मैदान में चुनाव में हुई धांधली, SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन करने वाली है। रामलीला मैदान के साथ-साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी सहित अन्य विपक्षी नेताओं के आवास पर सुबह से हलचल तेज है।
विपक्ष की यह रैली कनॉट प्लेस से शुरू होकर मिंटो रोड जंक्शन और अजमेरी गेट होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। इसके लिए सुरक्षा के भी तगड़े इंतजाम किए गए हैं।।कई रास्ते भी बंद किए गए हैं। राहुल गांधी ने लोगों से कनॉट प्लेस आने की अपील की है। राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में लिखा, 'दिल्ली, तैयार हो जाओ!
वोट बचाओ, देश बचाओ। कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं। या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं - मगर, आना ज़रूर है।'
मल्लिकार्जुन खड़गे के घर प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेता पहुंच चुके हैं। कुछ देर में मिंटो ब्रिज से मार्च शुरू होगा। रैली में SIR का विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी। पिछले 25 दिनों में विपक्षी दल इस मुद्दे पर सातवीं बार एकजुट हुए हैं। इससे पहले 6 से 13 अक्टूबर के बीच छह बार प्रदर्शन हो चुके हैं।
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पूरी सरकार डर के माहौल में है। बार-बार धारा 163 का हवाला देकर बयान जारी किए जा रहे हैं। खेड़ा ने कहा कि जब नितिन नवीन सड़कों पर निकलते हैं, तब धारा 163 लागू नहीं की जाती। लेकिन INDIA गठबंधन के आह्वान पर जब लोग बड़ी संख्या में जुट रहे हैं, तो सरकार घबरा रही है। उन्होंने कहा, "घबराने की जरूरत नहीं है। यह देश की आवाज है और आपको इसे सुनना ही पड़ेगा।"
रामलीला मैदान में INDIA ब्लॉक की रैली को लेकर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद सौगत रॉय ने कहा, "हम यहां मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करने और इसके लिए सरकार पर दबाव बनाने के लिए जुटे हैं। यह एक ऐतिहासिक रैली होगी।" समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने INDIA ब्लॉक की रैली में पहुंचने के बाद कहा कि अन्याय की सारी हदें पार हो चुकी हैं। अब तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी खुद स्वीकार किया है कि 1.27 करोड़ वोट कम हो गए हैं। उन्हें इसकी याद कब आई? तब, जब वे एमएलसी का चुनाव हार गए।




