गुना जिले में दाखिल हुई सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, दिग्विजय सिंह ने यात्रियों संग सुना राहुल गांधी का भाषण

रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यात्रा के बीच दिखाने का उद्देश्य चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर देशभर में चल रहे आंदोलन के प्रति जनजागरूकता का संदेश देना था।

Updated: Nov 01, 2026, 07:19 PM IST

गुना। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' रविवार को राजगढ़ जिले से आगे बढ़ते हुए गुना जिले में प्रवेश कर गई। यात्रा का रविवार का पड़ाव चाचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में रहा। इस दौरान दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA गठबंधन के रामलीला मार्च का सीधा प्रसारण LED वैन के माध्यम से यात्रियों को दिखाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित यात्रा में शामिल लोगों ने राहुल गांधी का भाषण और कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और सुना।

रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यात्रा के बीच दिखाने का उद्देश्य चंदा चोरी और वोट चोरी के मुद्दे को लेकर देशभर में चलते रहे आंदोलन के प्रति जनजागरूकता का संदेश देना था। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा भी धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे के पारदर्शी उपयोग तथा चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आगे बढ़ रही है। 

रविवार सुबह निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कालीपीठ से पदयात्रा प्रारंभ हुई। यात्रा ग्राम बनानिया, खारपरस, भवानीपुरा, चौकी चन्दरपुरा और संवासड़ा होते हुए आगे बढ़ी। रास्ते में ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया और इसमें सहभागिता की। दोपहर में भोजन एवं विश्राम के बाद यात्रा ने दूसरे चरण में ग्राम बड़ी मुरैली और गैला का पुरा होते हुए नयापुरा जोड़ की ओर प्रस्थान किया।

यात्रा का रात्रि विश्राम गुना जिले की चाचौड़ा तहसील के नयापुरा जोड़ स्थित गौशाला में होगा। उल्लेखनीय है कि 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से शुरू हुई करीब 930 किलोमीटर की यह पदयात्रा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तक पहुंचेगी। यात्रा का उद्देश्य सनातन धर्म के मूल आदर्शों सत्य, न्याय, करुणा और सद्भाव का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के साथ धार्मिक स्थलों पर दान एवं चढ़ावे के पारदर्शी उपयोग और चंदा चोरी तथा वोट चोरी के मामलों में निष्पक्ष जांच की मांग उठाना है।