INDIA ब्लॉक की रैली: रामलीला मैदान में पहुंचा विपक्षी नेताओं का काफिला, उमड़ा जनसैलाब
रैली में SIR का विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठेगी। विपक्ष ने 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है।
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में SIR के विरोध में INDIA ब्लॉक की रैली है। राहुल गांधी, अखिलेश यादव समेत 19 पार्टियों के नेता मिंटो जंक्शन से मार्च करते हुए रामलीला मैदान जा रहे हैं। रामलीला मैदान में जनसैलाब उमड़ा है।
INDIA ब्लॉक के नेता रविवार को मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन से खुली कैंटर में सवार होकर रामलीला मैदान की ओर रवाना हुए, जहां गठबंधन की महारैली होनी है। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक भी उनके साथ मार्च करते नजर आए। विपक्षी गठबंधन कथित 'वोट चोरी' के खिलाफ अपना आंदोलन तेज करने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर यह रैली कर रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि बीजेपी ने कनॉट प्लेस की दुकानों को 'जबरन' बंद कराया है। उन्होंने कहा कि पूरा देश देख रहा है कि किस तरह सत्ताधारी पार्टी दुकानदारों को नुकसान पहुंचा रही है।
मिंटो रोड-कनॉट प्लेस जंक्शन की ओर जाते समय खुले कैंटर से जारी एक वीडियो में राहुल गांधी ने कहा कि INDIA ब्लॉक ने विपक्षी गठबंधन की रैली में शामिल होने आ रहे लोगों से अपील की थी कि वे यहां खरीदारी करें, ताकि दुकानदारों को फायदा हो सके।
INDIA ब्लॉक की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली में राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, "2016 के बाद क्या हुआ, यह जानने के लिए उनका भ्रष्टाचार का इतिहास ही काफी है। अगर उन्होंने कानून और संविधान के मुताबिक काम किया होता, तो आज ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती।"




