CG के बाद अब MP में लग सकता है भाजपा को बड़ा झटका, पूर्व सीएम के बेटे थामेंगे कांग्रेस का दामन

छत्तीसगढ़ के बाद अब कांग्रेस मध्य प्रदेश देगी भाजपा को झटका, पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी जल्द ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

Updated: May 01, 2023, 07:37 PM IST

भोपाल। चुनावी राज्यों के भारतीय जनता पार्टी को एक के बाद एक बड़े झटके लगे हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में भगदड़ की स्थिति है। वहीं, छत्तीसगढ़ में कद्दावर नेता नंदकुमार साय के कांग्रेस में शामिल होने के बाद भाजपा में खलबली मची हुई है। इसी बीच खबर आई है कि अब मध्य प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है। बताया जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी जल्द ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस में शामिल होने को लेकर दीपक जोशी की पीसीसी चीफ कमलनाथ से भी बातचीत भी हो चुकी है। दीपक जोशी ने भी कांग्रेस में शामिल होने के संकेत देते हुए कहा कि जो मुझे सम्मान देगा, मैं उसके साथ रहूंगा। तीन बार के विधायक रहे दीपका जोशी का कहना है कि अपने पिता व पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की विरासत के लिए वह कुछ भी कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस में शामिल हुए दिग्गज भाजपा नेता नंदकुमार साय, सीएम भूपेश बघेल ने दिलाई सदस्यता

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी इस बात के संकेत दिए हैं। नंदकुमार साय के कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कमलनाथ ने कहा कि ये अभी ट्रेलर है, आगे-आगे देखिए क्या होता है। कमलनाथ के बयान से स्पष्ट है कि मध्य प्रदेश में भाजपा को बड़ा झटका लगने वाला है। सूत्रों के मुताबिक आगामी 6 मई को जोशी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। 

बता दें कि दीपक जोशी के पिता कैलाश जोशी 1977-78 में मध्यप्रदेश के पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री बने थे। कैलाश जोशी 8 बार विधायक और 2 बार लोकसभा सदस्य और एक बार राज्यसभा सदस्य भी चुने गए थे। देवास जिले की राजनीति में जोशी परिवार की भूमिका अहम मानी जाती है। ऐसे में पूर्व सीएम के बेटे के कांग्रेस में शामिल होने के बाद देवास क्षेत्र में भाजपा संगठन को काफी नुकसान होगा। माना जा रहा है कि दीपक जोशी के साथ हजारों कार्यकर्ता भी कांग्रेस ज्वॉइन करेंगे।