चुनाव की घोषणा से पूर्व MP में बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 47 IPS अफसरों के तबादले, 11 जिलों के SP बदले

मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव से पहले अफसरों के तबादलों का दौर जारी है। शुक्रवार को एक बार फिर बड़े पैमाने पर आईपीएस अधिकारियों का तबादला हुआ है।

Updated: Mar 15, 2024, 05:16 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव से पहले प्रशासनिक सर्जरी का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया गया है। 47 आईपीएस अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। वहीं 11 जिलों के एसपी भी बदल दिए गए हैं। इस संबंध में गृह विभाग ने आदेश जारी किया है।

मंत्रालय से जारी आदेश में अशोकनगर, खंडवा, डिंडोरी, सिंगरौली, शिवपुरी, खरगोन, छतरपुर, दमोह, राजगढ़, श्योपुर और निवाड़ी के एसपी बदले गए हैं। इनके अलावा भोपाल ग्रामीण आईजी अभय सिंह और डीआईजी मोनिका शुक्ला का भी ट्रांसफर किया गया है।

भोपाल के डीसीपी क्राइम श्रुतकीर्ति सोमवंशी को दमोह एसपी बनाया गया है। उनकी जगह 2015 बैच के आईपीएस अफसर अखिल पटेल को डीसीपी क्राइम पदस्थ किया गया है।

इतना ही नहीं गुरुवार 9 अतिरिक्त IAS अफसरों के भी तबादले किए गए है। संजय गोयल की जगह संजय गुप्ता को उज्जैन का कमिश्नर बनाया गया है। इससे पहले आज तड़के भी राज्य सरकार ने 37 आईएएस अफसरों के ट्रांसफर आदेश जारी किए थे।

इससे पहले के आदेश में शहडोल, सिंगरौली, पन्ना और गुना के कलेक्टर बदले गए हैं। इसके साथ ही शहडोल में नए कमिश्नर के रूप में बाबू सिंह जामोद की पदस्थापना की गई है।

शासन द्वारा जारी आदेश में गुना कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस की जगह सतेंद्र सिंह को नया कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा सुरेश कुमार को पन्ना, तरुण भटनागर को शहडोल, चंद्रशेखर शुक्ला को सिंगरौली कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है।