दिग्विजय सिंह की यात्रा निजी, लेकिन वे देश बचाने निकले, इसलिए सभी पदाधिकारी इसमें शामिल हों: युवा कांग्रेस

IYC ने ने युवाओं से अपने घरों से निकलकर यात्रा में शामिल होने और वोट चोरी तथा चंदा चोरी के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की है।

Updated: Oct 26, 2026, 11:28 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की अगुवाई में निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा को युवा कांग्रेस ने खुला समर्थन किया है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रभारी शिवी चौहान ने यात्रा में शामिल होकर युवाओं से इसमें भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस को यात्रा में भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

शिवी चौहान ने कहा कि दिग्विजय सिंह की यह निजी यात्रा है, लेकिन इसका महत्व बहुत अधिक है, क्योंकि वे देश और संविधान को बचाने के लिए निकले हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उन चंदा चोरों के खिलाफ है, जिन्होंने देश की आस्था को चोट पहुंचाई है और उन वोट चोरों के खिलाफ है, जिन्होंने संविधान को तार-तार किया है।

उन्होंने भाजपा पर भगवान राम के नाम पर सत्ता में आने और बाद में उन्हीं की आस्था का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने भगवान राम को लूटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा भगवान राम को हाथ पकड़कर ले जाने और भाजपा के कार्यक्रम में हनुमान जी के नाचने जैसे दृश्यों से भगवान का मजाक बनाया गया।

शिवी चौहान ने कहा कि भारत भगवान राम में आस्था रखने के साथ-साथ पीर-पैगंबरों को मानने वाला खूबसूरत देश है। इस देश की मिट्टी में सभी देवी-देवताओं, पीर-पैगंबरों और गुरु महाराजों का रक्त मिला हुआ है। लेकिन भाजपा सनातन को मिटाने पर तुली है, लेकिन यह यात्रा सनातन को बचाने के लिए निकाली गई है। भाजपा चाहे जितना ढोंग कर ले, वह कभी सनातन को मिटा नहीं सकती और जीत हमेशा सत्य की होती है।

उन्होंने कहा कि यात्रा में हजारों की तादाद में लोग शामिल हो रहे हैं और आम जनता भी आगे आकर इसका समर्थन कर रही है। शिवी चौहान ने युवाओं से अपने घरों से निकलकर यात्रा में शामिल होने और वोट चोरी तथा चंदा चोरी के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज का युवा और जेन-जी भी वोट चोरी और चंदा चोरी के विरुद्ध आवाज उठा रहे हैं।