भोपाल: खाना बनाते वक्त 22 वर्षीय MBA स्टूडेंट की गिरकर मौत, हार्ट अटैक की आशंका

देशभर में पिछले कुछ वर्षों में हार्ट अटैक के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि पूर्णत: स्व्स्थ नौजवान भी हार्ट अटैक की चपेट में आकर जिंदगी गंवा दे रहे हैं।

Updated: Dec 26, 2023, 04:57 PM IST

भोपाल। देशभर में पिछले कुछ वर्षों में हार्ट अटैक के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई है। स्थिति यह है कि पूर्णत: स्व्स्थ नौजवान भी हार्ट अटैक की चपेट में आकर जिंदगी गंवा दे रहे हैं। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां 22 वर्षीय एक MBA स्टूडेंट की अचानक मौत हो गई।

मामला भोपाल के अयोध्या नगर का है। मृतक छात्र का नाम विवेक सोनी है, जो रीवा का रहने वाला था और भोपाल के TIT कॉलेज (टेक्नोक्रेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी) से MBA कर रहा था। विवेक के दोस्तों ने बताया, सोमवार रात हम चार दोस्त फ्लैट में साथ थे। हम पढ़ाई शुरू करने ही वाले थे, तभी विवेक ने कहा कि पहले खाना खाएंगे, फिर पढ़ेंगे। रात करीब 8 बजे होंगे। 

इसके बाद विवेक किचन में चला गया। वह सब्जी बनाते हुए हमसे बात कर रहा था। तभी अचानक गिर गया। उसका हाथ सीने पर था। कुछ बोल भी नहीं पा रहा था। हम तुरंत उसे गायत्री हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टर्स ने बताया कि उसकी मौत हो गई है। मंगलवार को शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।