भोपाल के बोर्डऑफिस चौराहे पर शिक्षक अभ्यर्थियों का चक्काजाम, नियुक्ति की मांग को लेकर सड़क पर उतरे
भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्राथमिक शिक्षक वर्ग 3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने नियुक्ति और जॉइनिंग की मांग को लेकर उग्र प्रदर्शन किया।
भोपाल। प्राथमिक शिक्षक वर्ग 3 के मेरिट होल्डर अभ्यर्थियों ने नियुक्ति पत्र जारी करने और जॉइनिंग देने की मांग को लेकर भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया और थालियां बजाकर नारेबाजी की। इससे चौराहे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर रास्ता खुलवाने की कोशिश की लेकिन अभ्यर्थी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। कुछ प्रदर्शनकारी सड़क पर लेट गए जबकि कई ने एक-दूसरे के हाथ पकड़कर विरोध जारी रखा। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आंदोलनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच खींचतान भी हुई। हिरासत में लिए जाने के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी राष्ट्रगान गाने लगे।
प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक नियुक्ति और जॉइनिंग को लेकर ठोस फैसला नहीं लिया जाता तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका विवाद भर्ती नियम के क्लॉज 49 और दस्तावेज सत्यापन के दौरान डीएलएड डिग्री से जुड़ी शर्त को लेकर है। अभ्यर्थियों की मांग है कि इस मामले का समाधान करते हुए उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं और जॉइनिंग दी जाए।
यह भी पढ़ें:AIIMS भोपाल में मेडिकल सप्लाई में भ्रष्टाचार, 943 में खरीदी गई 14 रुपये की ट्यूब
नियुक्ति की मांग को लेकर वर्ग 3 शिक्षक अभ्यर्थियों ने करीब 22 दिन पहले भी भोपाल के एमपी नगर चौराहे पर जाम लगाया था। उस समय प्रदर्शन लगभग चार घंटे चला था। बाद में एसडीएम लाखन सिंह चौधरी और पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद आंदोलन समाप्त हुआ था। उस प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया था कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ और शिक्षा मंत्री या मुख्यमंत्री स्तर पर बातचीत नहीं हुई तो वे फिर से आंदोलन करेंगे। अब नियुक्ति पत्र की मांग को लेकर उन्होंने दोबारा सड़क पर उतरकर विरोध जताया है।
बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने यातायात बहाल करने के लिए अभ्यर्थियों को सड़क से हटाने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के सड़क पर लेट जाने और एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बैठने के कारण उन्हें हटाने में परेशानी हुई। उस दौरान पुलिस लगातार रास्ता खुलवाने का प्रयास करती रही थी। वहीं, हिरासत की कार्रवाई के दौरान अभ्यर्थियों ने राष्ट्रगान गाना शुरु कर दिया था।




