भोपाल में चार नवंबर को भाजपा की महारैली, SIR पर विपक्ष की रैलियों का देगी जवाब
कांग्रेस के आंदोलनों के जवाब में भाजपा मध्य प्रदेश में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान चलाएगी।
भोपाल। SIR पर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन की तैयारियां तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में इंडिया ब्लॉक का 1 नवंबर में दिल्ली में रामलीला मैदान मार्च का कार्यक्रम है। इसपर बीजेपी भी अब देशभर में रैलियां करेगी। मध्य प्रदेश के तीन बड़े शहरों में बीजेपी की रैलियां प्रस्तावित है। इनमें 4 नवंबर को भोपाल को महारैली भी शामिल है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस के आंदोलनों के जवाब में भाजपा मध्य प्रदेश में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाएगी। इसके तहत इंदौर, जबलपुर और भोपाल में पदयात्राएं निकाली जाएंगी। एक सप्ताह के भीतर होने वाले इन आयोजनों में केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को शामिल करने की तैयारी है।
भाजपा इन पदयात्राओं के जरिए एसआईआर, मतदाता सूची की शुद्धता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता के मुद्दे पर कांग्रेस को जवाब देने की रणनीति बना रही है। इस अभियान की पहली बड़ी पदयात्रा 30 अक्टूबर को इंदौर में निकाली जाएगी। यह यात्रा सुभाष नगर से पाटनीपुरा चौराहे तक प्रस्तावित है। इसमें केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य वक्ता होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी शामिल होंगे।
उधर, जबलपुर में 2 नवंबर को पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को बुलाने की तैयारी है। हालांकि, इनमें से किस नेता का कार्यक्रम तय होगा, इसकी पुष्टि होना बाकी है। इसके अलावा भोपाल में 4 नवंबर को पदयात्रा प्रस्तावित है। इसका मार्ग अटल पथ से रोशनपुरा चौराहे तक रहेगा। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है। तीनों शहरों के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी भी प्रस्तावित है।
भाजपा के आधिकारिक परिपत्र के मुताबिक, ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान 22 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत पदयात्राओं के अलावा प्रेस कॉन्फ्रेंस, प्रमुख नागरिकों के साथ संवाद, युवा और विद्यार्थी कार्यक्रम तथा सोशल मीडिया अभियान भी आयोजित किए जाएंगे। पार्टी का उद्देश्य एसआईआर के समर्थन में जनमत तैयार करना और मतदाता सूची की शुद्धता को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देना है।




