भोपाल पुलिस ने श्मशान से निकलवाया बच्चे का शव, आवारा कुत्तों ने नोंच खाया था हाथ

कुत्ते 7 माह के इस बच्चे को पार्क से घसीटकर ले गए और उसका एक हाथ खा लिया था। उसका शव लहूलुहान मिला था।

Updated: Jan 13, 2024, 04:09 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मिनाल रेसीडेंसी में कुत्तों के हमले में मारे गए बच्चे का शव पुलिस ने शनिवार को श्मशान से निकलवाया। पुलिस शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले गई है। आवारा कुत्ते शुक्रवार को 7 माह के इस बच्चे को पार्क से घसीटकर ले गए और उसका एक हाथ खा लिया था। 

बच्चे का शव लहूलुहान हालत में मिला था। पूरे शरीर पर कुत्तों के दांत और नाखूनों के निशान थे। मिनाल रेसीडेंसी की ये घटना शुक्रवार को सामने आई। इसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया था। नगर निगम कमिश्नर का कहना है कि जांच के बाद जो सामने आएगा, उस तथ्य पर कार्रवाई करेंगे। डॉग स्क्वॉड के जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ भी केस दर्ज किया जा सकता है।

बता दें कि आदमपुर छावनी के रहने वाले महेंद्र बाल्मीकी और उनकी पत्नी मिनाल रेसीडेंसी में साफ-सफाई का काम करते हैं। बुधवार दोपहर वे छत्री पार्क के पास काम कर रहे थे। इस दौरान उनकी बड़ी बेटी और 7 महीने का बेटा पार्क में था। मां ने दूध पिलाने के बाद बच्चे को सुला दिया था। बड़ी बेटी उसके पास खेल रही थी। बेटी खेलते खेलते वहां से दूर चली गई। जब वह लौटी तो बच्चा वहां नहीं मिला।

बच्चा जब पार्क में नहीं मिला तो बड़ी बेटी ने माता-पिता को बताया। इसके बाद बच्चे की तलाश शुरू हुई। लोगों ने कुत्तों को बच्चे का शव नोंचते देखा था। उन्होंने परिजन को जानकारी दी। वहां से परिजन शव को घर ले गए और उसे दफना दिया। भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिस जगह यह घटना हुई, वहां से शुक्रवार को 8 डॉग पकड़े गए हैं। शनिवार से पूरे शहर में नगर निगम को स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ने के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, FIR भी दर्ज कराई जाएगी। पीड़ित पक्ष को जिला प्रशासन ने रेड क्रॉस से 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी गई है। शीघ्र ही 50 हजार रुपए और आर्थिक सहायता दी जाएगी।