Corona: ब्यावरा विधायक गोवर्धन दांगी का निधन

MLA Govardhan Gangi: ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी एमपी के पहले विधायक जिनका कोरोना से हुआ निधन, उपचार के दौरान दिल्ली में हुआ निधन

Updated: Sep 16, 2020, 04:31 AM IST

भोपाल। कोरोना ने मध्यप्रदेश कांग्रेस के एक नेता की जान ले ली है। राजगढ़ जिले के ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी का कोरोना के उपचार के दौरान निधन हो गया है। उनका दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। गोवर्धन दांगी मध्य प्रदेश के पहले विधायक हैं, जिनका कोरोना पॉजिटिव आने के बाद निधन हुआ है।

ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी की पत्नी और बेटी अगस्त के तीसरे हफ़्ते में कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद जांच करवाने पर विधायक गोवर्धन दांगी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। करीब तीन सप्ताह पहले उन्हें इलाज के लिए भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 54 वर्षीय विधायक दांगी की हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें मेदांता में भर्ती करवाया गया था। दांगी के जाने से कांग्रेस में शोक की लहर है। 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दांगी के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर स्वर्गीय विधायक दांगी को श्रद्धांजलि दी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने दांगी के निधन पर दु:ख जताया। मीडिया से चर्चा में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की लापरवाही की वजह से दांगी की जान गई। यहां के हॉस्पिटल में सही इलाज नहीं मिला। इसलिए दिल्ली में मेदांता में उनको बचाने की कोशिश की गई थी।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने दांगी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा है कि मेरे परिवार के सदस्य गोवर्धन दांगी के दु:खद निधन से मुझे निजी क्षति हुई है। वे ईमानदार कर्तव्यनिष्ट धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। कभी सोचा भी नहीं था वे इतनी जल्दी चले जाएंगे। उनके परिजनों को संवेदनाएं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। 

ग़ौरतलब है कि प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के कई विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एनपी प्रजापति, तरुण भनोत, वन मंत्री विजय शाह, विधायक ब्रम्हा भलावी सहित अब तक विधानसभा के करीब 18 प्रतिशत सदस्य कोरोना पॉज़िटिव हुए हैं।विधानसभा के 203 सदस्यों में से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेश के 10 मंत्री, 28 विधायक कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। 

विधायक गोवर्धन दांगी के निधन से मध्य प्रदेश में एक और सीट रिक्त हो गई है। ऐसे में अब मध्यप्रदेश में 27 सीटों पर नहीं 28 विधानसभा सीटों पर चुनाव होंगे ।