मुलायम सिंह को याद कर रोने लगे भाजपा विधायक, बोले- नेताजी के कहने पर ही बीजेपी ज्वॉइन किया था

मध्य प्रदेश के पृथ्वीपुर से भाजपा विधायक डॉ शिशुपाल सिंह यादव 'नेताजी' को याद कर रोने लगे, उन्होंने कहा कि नेताजी ने ही मुझसे कहा था कि तुम्हें शिवराज सिंह के साथ जाना चाहिए।

Updated: Oct 14, 2022, 12:33 PM IST

टीकमगढ़। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए मध्य प्रदेश बीजेपी के विधायक डॉ शिशुपाल सिंह यादव फफक कर रो पड़े। पृथ्वीपुर विधायक शिशुपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी के कहने पर ही उन्होंने बीजेपी ज्वाइन किया था। शिशुपाल के मुताबिक नेताजी ने ही कहा था कि तुम्हें शिवराज के साथ जाना चाहिए।

दरअसल, निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में गुरुवार को कृषि उपज मंडी प्रांगण में यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की श्रद्धांजलि सभा रखी गई थी। इसमें पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ.शिशुपाल सिंह यादव भी मौजूद रहे थे। जब भाजपा विधायक को विचार रखने के लिए कहा तो मुलायम सिंह यादव के चरित्र की व्याख्या करते हुए रो पड़े।

भाजपा विधायक ने मंच से कहा कि, 'देश में आजादी के बाद से मुलायम सिंह यादव ने गरीबों और किसानों के लिए बहुत काम किया। नेताजी का यही कहना था कि सदन तक पहुंचने के पहले हमें उन लोगों के लिए लड़ाई लड़नी होगी जो सदन तक का रास्ता दिखाते हैं। मुलायम सिंह यादव ने अपनी राजनीति में नौजवानों, गरीबों, बेसहारा, वकीलों और मजदूरों को प्राथमिकता पर रखा है।'

अंत में शिशुपाल सिंह यादव ने कहा कि मैं आज जहां भी हूं, उसमें नेताजी का आशीर्वाद है, जिसे मैं व्यक्त नहीं कर सकता। इतना बोलने के बाद वे फफक कर रो पड़े। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें शांत कराया। बाद में स्थानीय मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उनकी पीएचडी की पढ़ाई का सारा खर्चा मुलायम सिंह यादव ने उठाया था। उस समय पीएचडी में करीब साढ़े पांच लाख रुपए का खर्चा आया था, जो स्वयं मुलायम सिंह ने उठाया था।

यह भी पढ़ें: खड़गे वैसा परिवर्तन नहीं ला सकते, जैसा मैं सोचता हूं: भोपाल में भव्य स्वागत से गदगद दिखे शशि थरूर

विधायक शिशुपाल सिंह ने कहा कि 2018 विधानसभा चुनाव के बाद मैं नेताजी से मिलने गया। मैंने भाजपा में शामिल होने की मंशा जाहिर की। नेताजी ने मुझे शिवराज सिंह चौहान से मिलने के लिए कहा। नेताजी ने कहा था कि शिवराज भी किसानों की लड़ाई लड़ते हैं। हम भी किसानों की लड़ाई लड़ते हैं। आपको उनके साथ जाना चाहिए। इसके बाद मैंने भाजपा ज्वाइन कर ली। बता दें कि शिशुपाल यादव ने साल 2018 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लडा था। हालांकि तब वे चुनाव हार गए थे।