हमेशा से आरक्षण विरोधी रहा है भाजपा का चरित्र, झूठ और पाखंड से सावधान रहिए: कमलनाथ
जनता को यह सच्चाई बहुत अच्छी तरह से समझना चाहिए कि 1947 में देश की आज़ादी के बाद से कांग्रेस पार्टी ने ही आरक्षण की व्यवस्था लागू की और समय समय पर इसका दायरा वंचित समुदाय के लिए बढ़ाया: कमलनाथ

भोपाल। लोकसभा चुनाव 2024 में ओबीसी आरक्षण का मुद्दा गरमाया हुआ है। आरक्षण के मामले पर विपक्ष केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर है। इसी क्रम में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भाजपा पर करारा हमला बोला है।
कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'भारतीय जनता पार्टी का चरित्र हमेशा से आरक्षण विरोधी रहा है। मध्य प्रदेश में मेरे मुख्यमंत्री कार्यकाल में अन्य पिछड़ा वर्ग को 27% आरक्षण दिया गया था। लेकिन लोकतांत्रिक ढंग से चुनी हुई सरकार गिराकर बनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने षड्यंत्रपूर्वक OBC को मध्य प्रदेश में दिये गये 27 प्रतिशत आरक्षण को समाप्त करा दिया। अब लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेता ख़ुद को आरक्षण समर्थक बता रहे हैं और कांग्रेस पर बेबुनियाद झूठे इल्ज़ाम लगाने की कोशिश कर रहे हैं।'
भारत का संविधान दुनिया के सबसे जनहितैषी और कल्याणकारी संविधानों में से एक है। बाबासाहेब डॉ भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण के समय इस बात पर विशेष ध्यान दिया कि समाज के कमजोर से कमजोर वर्ग को उसके अधिकार मिलें और सभी को समाज में समानता का अधिकार मिले।
— Kamal Nath (@OfficeOfKNath) April 29, 2024
हमारे संविधान में महात्मा…
कमलनाथ ने आगे लिखा, 'जनता को यह सच्चाई बहुत अच्छी तरह से समझना चाहिए कि 1947 में देश की आज़ादी के बाद से कांग्रेस पार्टी ने ही आरक्षण की व्यवस्था लागू की और समय समय पर इसका दायरा वंचित समुदाय के लिए बढ़ाया। वहीं भाजपा का चरित्र आरक्षण विरोधी हैं और उन्होंने कभी आरक्षण देने का काम नहीं किया, बल्कि मध्य प्रदेश और अन्य जगहों पर आरक्षण छीना है। इसलिए इस चुनाव में भाजपा के झूठ और पाखंड से सावधान रहिए और सच्चाई का साथ दीजिये।'