अग्निवीर योजना के कारण आर्मी में जाने का टूटा सपना, युवक ने की आत्महत्या

खुदकुशी से पहले सोशल मीडिया पर लिखा भावुक पोस्ट, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, शिवपुरी के करौंदी गांव का मामला। 

Updated: Feb 28, 2023, 12:07 PM IST

शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने आर्मी में भर्ती ना होने पर अपनी जान दे दी। युवक ने आत्महत्या से पहले अपने सोशल मीडिया पर काफी भावुक पोस्ट भी लिखा है। 

जानकारी के मुताबिक मामला शिवपुरी के करौंदी गांव का है। युवक का नाम केदार पाल बताया जा रहा है। केदार के अंदर आर्मी में जाने का जुनून सवार था, वह रात दिन आर्मी में भर्ती होने के सपने देखा करता था। बताया जा रहा है कि हर रोज की तरह केदार मंगलवार को भी 4.30 बजे रनिंग के लिए निकला। और तय समय के बाद केदार जब घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। तभी घर से करीब 200 मीटर दूर उसका शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

यह भी पढें: भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन ब्लास्ट के आरोपियों को NIA कोर्ट ने ठहराया दोषी

बता दें कि केदार के घर में दो भाई और दो बहने हैं। पिता खेती करते हैं। केदार के दोस्तों ने बताया कि वह आर्मी की तैयारी में हम सब से आगे था। उसकी दौड़ देख सभी दंग रह जाते थे। कुछ समय पहले अग्निवीर की भर्ती में भी वह गया था, लेकिन एज लिमिट के कारण उसे बाहर कर दिया गया था। तभी से केदार ख़फा रहने लगा था। 
 

सुसाइड में युवक ने लिखा कि मेरे सभी आर्मी वाले भाइयों को जय हिंद, भाइयों पिछले कई दिनों से मैं अपने आपको संभाल नहीं पा रहा हूं। मुझे दिन रात एक ही बात खा रही है। सिर्फ आर्मी और इस बार भी मैं आर्मी में फॉर्म नहीं भर पाया। मैं पिछले कई वर्षों से आर्मी की तैयारी कर रहा था, लेकिन कोई फायदा नहीं निकला। मैं अपने आपको संभाल नहीं पा रहा हूं। लव यू आर्मी, जय हिंद भाइयों।

केदार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई स्टेटस पोस्ट कर लिखा कि भगवान भोले से रहम करने की गुहार लगाई थी। हाल ही में उसने एसएसडी-जीडी की परीक्षा दी थी। उसका परिणाम अब तक नहीं आया है।