पिता के अनुरोध पर बैरागढ़ में होगा वरुण सिंह का अंतिम संस्कार, बोले मैं नहीं चाहता कि लोग परेशान हों

कैप्टन वरुण सिंह का पार्थिव शरीर आज भोपाल पहुंचेगा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान वरुण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, इसके बाद उनके अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को सिटी कॉलोनी में रखा जाएगा

Publish: Dec 16, 2021, 08:46 AM IST

भोपाल। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार बैरागढ़ में होगा। खुद वरुण सिंह के पिता के अनुरोध के बाद उनका अंतिम संस्कार भदभदा के बजाय बैरागढ़ में किया जाएगा। वरुण सिंह के पिता ने भोपाल कलेक्टर से इस सिलसिले में अनुरोध करते हुए कहा है कि भदभदा में काफी ट्रैफिक रहेगा और वे नहीं चाहते कि लोगों को कोई परेशानी हो।

पिता के इस भावुक अनुरोध के बाद बैरागढ़ में कैप्टन वरुण सिंह की अंत्येषि किए जाने का फैसला लिया गया है। लिहाजा शुक्रवार को भोपाल के बैरागढ़ में कैप्टन वरुण सिंह को पूरे सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी। 

वरुण सिंह का पार्थिव देह बेंगलुरु से रवाना हो चुका है, आज दोपहर उनका पार्थिव देह भोपाल पहुंचेगा। जिसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद उनके पार्थिव देह को उनके निवास स्थान सन सिटी कॉलोनी लाया जाएगा। यहां पर शाम पांच बजे तक लोग उनके अंतिम दर्शन कर पाएंगे। जिसके बाद उनके पार्थिव देह को सेना के अस्पताल ले जाया जाएगा। 

कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार को बेंगलुरु के आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। बीते एक हफ्ते से उनको बचाने की कोशिश जारी थी। हादसे में उनका शरीर 95 फीसदी तक झुलस चुका था। कैप्टन की सलामती के लिए तमाम लोग दुआएं मांग रहे थे। लेकिन बुधवार दोपहर को उनके निधन की खबर ने स्तबध कर दिया। 

वरुण सिंह आठ दिसंबर को कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में घायल हुए थे। इसी हादसे में सीडीएस बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 14 व्यक्ति घायल हुए थे। इस हादसे में कैप्टन वरुण सिंह की इकलौते जीवित बचे थे। लेकिन बीती रोज़ वे भी जिंदगी की जंग हार गए।