RSS के कार्यक्रम में ध्वज प्रणाम करते दिखे कलेक्टर-कमिश्नर, कांग्रेस बोली- इन्हें चुनाव से दूर रखे निर्वाचन आयोग

सतना कलेक्टर व नगर निगम कमिश्नर RSS के कार्यक्रम में ध्वजा प्रणाम करते दिखे। अब कांग्रेस ने सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे अफसरों से निष्पक्ष चुनाव कराने की उम्मीद कैसे की जा सकती है।

Updated: Jun 18, 2023, 12:12 PM IST

सतना। मध्य प्रदेश में बड़े अफसरों का राजनीतिक दलों की ओर झुकाव कोई नई बात नहीं है। प्रदेश के कई अधिकारियों पर भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह काम करने के आरोप लगते रहे हैं। अब अधिकारी खुद ही एक्सपोज भी होने लगे हैं। सतना के कलेक्टर और नगर निगम कमिश्नर की एक तस्वीर सामने आई है जिसमें वे RSS के कार्यक्रम में ध्वज प्रणाम करते दिख रहे हैं। कांग्रेस ने दोनों अधिकारियों को चुनावी तैयारियों से दूर रखने की मांग की है।

कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने रविवार को ट्विटर पर यह तस्वीर शेयर की। इसमें सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा और नगर निगम आयुक्त राजेश शाही RSS के सदस्यों के साथ ध्वज प्रणाम करने की मुद्रा में खड़े दिख रहे हैं। सांसद ने लिखा- सतना में RSS के कार्यक्रम में शामिल होकर ध्वज प्रणाम करने की तस्वीर सतना कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त की है। ऐसे रिश्तों से लोक अधिकारी निष्पक्ष चुनाव कैसे करा पाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ऐसे सभी अधिकारियों को चुनाव संबंधित तैयारियों से दूर रखे।

तन्खा ने आगे लिखा, 'मध्य प्रदेश के चीफ सेक्रेटरी से अपेक्षा है कि ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करें। क्या CS ऐसा करेंगे? उनको रिटायरमेंट के पश्चात दूसरा एक्सटेंशन दिया गया है। राज्य की 8 करोड़ जनता अधिकारियों से निष्पक्षता की अपेक्षा करती है। जो अधिकारी राजनीति करेंगे, उनके सितारे गर्दिश में जरूर जाएंगे।'

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी विवेक तन्खा के ट्वीट को रिट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'भाजपा ने पूरी संवैधानिक व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। मुख्य सचिव महोदय, आप से तो हमें कोई उम्मीद नहीं है। फिर भी देखते हैं कि आप कितने निष्पक्ष हैं।'

मामले पर कांग्रेस मीडिया विभाग के चेयरमैन केके मिश्रा ने कहा, 'शर्म कीजिए कलेक्टर सतना और निगमायुक्त जी। RSS के कार्यक्रम में इतने बड़े चरण चुंबक भी मत बनिए। क्या आपसे निष्पक्ष चुनाव संपादन की उम्मीद की जा सकती है? 5 महीने बाद का भी ध्यान रखिए।'