कांग्रेस ने चार राज्यों में राज्यसभा उम्मीदवारों का किया ऐलान, सिंघवी को हिमाचल से बनाया प्रत्याशी

सोनिया गांधी के जयपुर पहुंचने के बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से राज्यसभा नामांकन के लिए 4 नामों की घोषणा की गई है।

Updated: Feb 14, 2024, 12:24 PM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी ने चार राज्यों में राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इसके मुताबिक 
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान से, अखिलेश प्रताप सिंह बिहार से, अभिषेक मनु सिंघवी हिमाचल से, चंद्रकांत हंडोरे महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए कांग्रेस उम्मीदवार होंगे। 

राज्यसभा नामांकन के लिए सोनिया गांधी राजस्थान विधानसभा पहुंचीं हैं। सोनिया के जयपुर पहुंचने के थोड़ी देर बाद कांग्रेस पार्टी की ओर से राज्यसभा नामांकन के लिए 4 नामों की औपचारिक घोषणा की गई। सोनिया गांधी पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की खाली हो रही सीट से राज्यसभा जाएंगी। उनके प्रस्तावक पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई वरिष्ठ विधायक होंगे। सोनिया के नामांकन के दौरान राहुल और प्रियंका भी मौजूद हैं। 

मध्य प्रदेश की राज्यसभा सीट को लेकर अभी भी संशय बरकरार है। प्रदेश में अटकलों का दौर जारी है। राज्यसभा के लिए मुख्य दावेदारों में कमलनाथ और अरुण यादव का नाम आगे है। हालांकि, कमलनाथ ने मीडिया से कहा है कि उन्होंने इस बारे में नहीं सोचा है। पार्टी का प्रत्याशी कौन होगा इस संबंध में देर शाम तक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।