लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी कांग्रेस, आज से दो दिवसीय राजगढ़ दौरे पर दिग्विजय सिंह

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह शुक्रवार को राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा और शनिवार को ब्यावरा में पार्टी नेताओं के साथ करेंगे बैठकें

Updated: Mar 22, 2024, 09:49 AM IST

राजगढ़। मध्य प्रदेश कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय चौटाला आज से दो दिवसीय राजगढ़ दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे चुनाव के संबंध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। 

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के कार्यालय द्वारा जारी सूचना के मुताबिक सिंह शुक्रवार दोपहर एक बजे राजगढ़ जिले के छापीहेड़ा पहुंचेंगे। यहां वे राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चुनाव के संबंध में विधानसभा राजगढ़, खिलचीपुर, सारंगपुर, सुसनेर के वर्तमान एवं पूर्व विधायकगण, पूर्व सांसद, जिला अध्यक्ष, समस्त ब्लाक/मण्डल/ सेक्टर अध्यक्ष, बी.एल.ए., नगर पालिका, नगर परिषद, जनपद, जिला पंचायत के चुने गये सदस्यों, सेवादल, महिला काँग्रेस, युवक काँग्रेस, किसान काँग्रेस, आई.टी. सेल, एन.एस.यू.आई. सहित समस्त प्रकोष्ठ के सदस्यों एवं समस्त वरिष्ठ, कनिष्ठ, पूर्व-वर्तमान पदाधिकारी व काँग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

वहीं, शनिवार को पूर्व सीएम ब्यावरा में रहेंगे जहां वे दोपहर 12 बजे राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के चुनाव के संबंध में विधानसभा राघौगढ, चाचौड़ा, नरसिंहगढ़, ब्यावरा के वर्तमान एवं पूर्व विधायकगण, पूर्व सांसद, जिला अध्यक्ष, समस्त ब्लाक/मण्डल/सेक्टर अध्यक्ष, बी.एल.ए., नगर पालिका, नगर परिषद, जनपद, जिला पंचायत के चुने गये सदस्यों, सेवादल, महिला काँग्रेस, युवक काँग्रेस, किसान काँग्रेस, आई.टी. सेल, एन.एस.यू.आई. सहित समस्त प्रकोष्ठ के सदस्यों एवं समस्त वरिष्ठ, कनिष्ठ, पूर्व-वर्तमान पदाधिकारी व काँग्रेस पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

बता दें कि मीडिया में राजगढ़ से दिग्विजय सिंह के चुनाव लड़ने की भी चर्चा है। इसे लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह भी देखा जा रहा है। हालांकि, फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। राजगढ़ सिंह कि परंपरागत सीट रही है। सिंह सन 1984 से 1993 तक राजगढ़ सीट से ही सांसद रहे थे। इसके बाद उन्हें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया और वे राधौगढ़ विधानसभा सीट से विधायक चुने गए। सिंह का गृहनगर राघौगढ़ भी राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में आता है।

मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों के लिए चार चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण की वोटिंग 19 अप्रैल को सीधी, शहडोल, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा में होगी। दूसरे चरण की वोटिंग 26 अप्रैल को टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा, होशंगाबाद और बैतूल में होगी। तीसरे चरण की वोटिंग 7 मई को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ में होगी। जबकि चौथे चरण की वोटिंग 13 मई को देवास, उज्जैन, इंदौर, मंदसौर, रतलाम, धार, खरगोन और खंडवा में होगी।