Guna : दलित किसान परिवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने दिए डेढ़ लाख रुपए

पुलिस की बर्बरता के शिकार होने के बाद जहर खाने वाले किसान राजकुमार का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Publish: Jul 18, 2020, 05:07 AM IST

गुना। मध्यप्रदेश के गुना में पुलिस की बर्बरता के शिकार दलित किसान परिवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस ने डेढ़ लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की है। गुरुवार को कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल अस्पताल पहुंचकर किसान व उनके परिवारवालों का हालचाल जाना।

गुना में दलित किसान दम्पत्ति को पीट पीट कर अधमरा के देने वाली पुलिस पिटाई कांड की जाँच के लिए कांग्रेस ने जाँच कमेटी बनाई थी। यह सात सदस्यीय समिति 17 जुलाई को घटना स्थल का दौरा करने के बाद पीड़ित दलित किसान अस्पताल में भर्ती किसान राजकुमार और उसकी पत्नी से मिली। किसान दम्पत्ति अभी अस्पताल में भर्ती हैं। समिति ने उनसे पूरी घटना की जानकारी लेने के साथ ही परिवार का क़र्ज़ चुकाने के लिए डेढ़ लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की। कांग्रेस नेता व भोपाल की पूर्व महापौर विभा पटेल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ के निर्देश पर कांग्रेस ने कर्ज के बोझ तले दबे परिवार की आर्थिक सहायता की है। विभा पटेल ने पीड़ित परिवार को पार्टी की ओर से हरसंभव मदद करने का भरोसा  दिलाया।

समिति में पूर्व गृह मंत्री बाला बच्चन, प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष रामनिवास रावत व सुरेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह, फूल सिंह बरैया, विधायक हीरा अलावा शामिल थे। 

ग़ौरतलब है कि bjp नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के क्षेत्र में पुलिस ने दलित किसान दम्पत्ति को लाठियों से बेदम होने तक पीटा। पुलिस की इस बर्बरता पर कांग्रेस ने तीखा विरोध जताया है। पूर्व मुख्यमंत्री व राज्य सभा सदस्य दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने सवाल खड़े किए। कांग्रेस के आक्रामक विरोध के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर एस विश्वनाथन और एसपी तरुण नायक को हटा दिया है। साथ ही पीड़ित परिवार पर भी FIR दर्ज कर ली है। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल इसी मामले की जाँच करने गया था।