MP: नैनपुर–केवलारी रेलखंड पर बड़ा हादसा, पटरी से उतरी शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस

सिवनी के नैनपुर-केवलारी रेलखंड पर शुक्रवार दोपहर शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस (11754) का गार्ड कोच पटरी से उतर गया। दोपहर 12:30 बजे हुए इस हादसे के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया।

Publish: Mar 13, 2026, 05:41 PM IST

सिवनी। मध्य प्रदेश के नैनपुर केवलारी रेलखंड पर शुक्रवार दोपहर शहडोल से नागपुर जा रही शहडोल नागपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 11754) के ब्रेकवान (गार्ड कोच) के पहिए पटरी से उतर गए। घटना करीब दोपहर 12:30 बजे नैनपुर और खैररांजी स्टेशन के बीच जंगल क्षेत्र में हुई। अचानक हुए इस हादसे के बाद ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रेन अपने निर्धारित समय पर सामान्य गति से नागपुर की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान नैनपुर से आगे बढ़कर केवलारी की दिशा में पहुंचते ही अचानक तेज आवाज के साथ जोरदार झटका लगा। झटके के कारण ट्रेन के पिछले हिस्से में लगे ब्रेकवान के पहिए पटरी से उतर गए। ट्रेन के भीतर अचानक हुई तेज हलचल से यात्रियों में घबराहट फैल गई और कई डिब्बों में चीख पुकार मच गई।

यह भी पढ़ें:MP में आवारा पशुओं पर भगवा टैग, 12 अंकों के खास कोड से होगी पहचान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में ऐसा महसूस हुआ मानो किसी चीज से टक्कर हो गई हो या ट्रेन पलटने वाली हो। ट्रेन रुकते ही कई यात्री घबराकर खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलने लगे। डिब्बों में बैठे बुजुर्ग और बच्चे भी काफी डर गए थे। हालांकि, बाद में स्थिति स्पष्ट होने पर यात्रियों को राहत मिली कि हादसा गंभीर नहीं था।

केवलारी के एसडीएम महेश अग्रवाल ने बताया कि ट्रेन के एक डिब्बे के दो पहिए पटरी से उतर गए थे। सूचना मिलते ही प्रशासन और डॉक्टरों की टीम मौके पर पहुंची। इस घटना में एक महिला को मामूली चोट आई है। जिनको मौके पर ही प्राथमिक उपचार कर दिया गया। क्षतिग्रस्त डिब्बे को वहीं छोड़कर ट्रेन के बाकी हिस्से को आगे रवाना कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें:LPG किल्लत के बीच सक्रीय हुए साइबर ठग, मुंबई में 4 दिन में लोगों से लूटे गए 26.43 लाख रुपये

घटना की जानकारी मिलते ही दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्यालय और नैनपुर जंक्शन पर भी हलचल मच गई। रेलवे की तकनीकी टीम, एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (ART), आरपीएफ और जीआरपी के जवान तुरंत मौके पर पहुंच गए। नागपुर से डीआरएम दीपक गुप्ता भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। तकनीकी अमला जैक और क्रेन की मदद से पटरी से उतरे कोच को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाने और रेल मार्ग को दुरुस्त करने के काम में जुट गए।

ब्रेकवान के पटरी से उतरने के कारण इस रेलखंड पर कुछ समय के लिए ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। यह लाइन सिंगल ट्रैक होने के कारण एहतियातन अन्य ट्रेनों को नजदीकी स्टेशनों पर रोक दिया गया जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक की पूरी जांच के बाद ही इस मार्ग पर सामान्य परिचालन बहाल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें:MP में गहराया LPG संकट, सर्वर ठप होने से ऑनलाइन बुकिंग बंद, एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें

फिलहाल रेलवे ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर ट्रैक की स्थिति या तकनीकी खराबी को संभावित कारण माना जा रहा है। रेलवे की विशेष टीम इस बात की जांच करेगी कि आखिर ट्रेन के पहिए पटरी से क्यों उतरे। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि इस क्षेत्र में पटरियों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
.