पूर्व मंत्री आरिफ अकील अस्पताल में भर्ती, ब्रेन में ब्लड क्लॉटिंग

Arif Akil: पूर्व मंत्री आरिफ अकील को ब्रेन में ब्लड क्लॉटिंग के बाद कराया गया अस्पताल में भर्ती, अब सेहत में सुधार

Updated: Sep 12, 2020, 08:59 PM IST

भोपाल। प्रदेश के पूर्व मंत्री आरिफ अकील को ब्रेन में ब्लड क्लॉटिंग के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अकील पिछले तीन दिन से राजधानी के चिरायु अस्पताल में भर्ती हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार आरिफ अकील शुगर व बीपी के रेगुलर पेशेन्ट भी हैं।

गुरूवार देर रात से ही आरिफ अकील की हालत नाजुक होने की सूचना स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप्स में वायरल हो रही है जिसके चलते उनके समर्थक पूर्व मंत्रीआरिफ अकील के स्वास्थ को लेकर चिंतित हैं। 

पुराने भोपाल के लोकप्रिय नेता आरिफ अकील की गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती है। अकील 6 बार भोपाल उत्तर से विधायक रहे हैं। 1972 से छात्र राजनीति शुरूआत करने वाले अकील 1990 में पहली बार निर्दलीय के तौर पर विधायक चुने गए थे। 1992 के बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद 1993 में हुए विधानसभा चुनाव में वो बीजेपी के रमेश शर्मा से हार गए थे।

उन्होंने 1998 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा और इस बार उन्होंने बीजेपी के रमेश शर्मा को हरा दिया। तब से अकील लगातार जीत रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दायित्वों के साथ साथ कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभाई हैं। आरिफ अकील भोपाल विश्वविद्यालय की कोर्ट के सदस्य, नागरिक बैंक के संचालक तथा कई अन्य संस्थाओं के अध्यक्ष और संरक्षक भी रहे हैं।