नखरे बहुत दिखाती है और अंत में धोखा दे जाती है, जयवर्धन सिंह ने सोयाबीन से की सिंधिया की तुलना

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा है कि सोयाबीन की फसल सिंधिया जी जैसी हो गई है। नखरे बहुत दिखाती है और आखिर में धोखा दे जाती है।

Updated: Jun 20, 2023, 04:54 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं में जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में पूर्व मंत्री व कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जोरदार हमला बोला है। जयवर्धन ने सिंधिया की तुलना सोयाबीन की फसल से करते हुए कहा कि नखरे बहुत दिखाती है और अंत में धोखा दे जाती है।

जयवर्धन सिंह सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के लिए गुना जिले के खिरिया दांगी गांव पहुंचे थे। कार्यकर्ता सम्मेलन में जयवर्धन सिंह ने बीजेपी सरकार के खिलाफ भी जमकर हमला बोला। जयवर्धन सिंह ने किसानों के बीच पहुंचकर सोयाबीन की तुलना ज्योतिरादित्य सिंधिया से कर डाली। सिंह ने सोयाबीन फसल के दामों को लेकर शिवराज सरकार को भी निशाने पर लिया।

यह भी पढ़ें: कुछ लोगों को भौंकने की आदत होती है, राक्षस वाले बयान पर BJP सांसद गणेश सिंह का पलटवार

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए जयवर्धन ने कहा कि, 'सोयाबीन की फसल साल दर साल खराब हो रही है। सोयाबीन की खेती करना घाटे का सौदा हो गया है। मेहनत कर के फसल पैदा करो अंत में मौसम की मार झेलनी पड़ती है। सोयाबीन की फसल भी सिंधिया जी की तरह हो गई है। नखरे बहुत किये लेकिन अंतिम समय में धोखा दे गई।' 

जयवर्धन सिंह ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 9 वर्षों में आज तक सोयाबीन के दाम में वृद्धि नहीं हो पाई है। मूल बात यह है कि भाजपा सरकार आज तक किसानों को फायदा नहीं दे पाई। बता दें कि जयवर्द्धन सिंह सिंधिया और उनके समर्थकों पर लगातार हमलावर हैं। हाल ही में उन्होंने सिंधिया समर्थक पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कमीशनखोरी के आरोप लगाए थे।