ग्वालियर में जारी है कांग्रेस का सदस्यता अभियान, 5 हजार से अधिक लोगों के आए मिस्ड कॉल

ग्वालियर में कांग्रेस मिस्ड कॉल के जरिए सदस्यता अभियान चला रही है, हर रविवार को करीब 60 से 70 लोगों को पार्टी की सदस्यता दी जाती है

Updated: Dec 01, 2021, 04:33 AM IST

ग्वालियर। ग्वालियर में कांग्रेस पार्टी का सदस्यता अभियान जारी है। पिछले तीन महीनों से मिस्ड कॉल अभियान के जरिए कांग्रेस ज्यादा से ज्यादा लोगों को अपनी पार्टी से जोड़ने का अभियान चला रही है। अब तक जिला कांग्रेस को सदस्यता ग्रहण करने के लिए करीब पांच हजार से ज्यादा मिस्ड कॉल प्राप्त हो चुके हैं। 

प्रत्येक रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में करीब 60-70 लोगों को पार्टी की सदस्यता दी जाती है। ग्वालियर में कांग्रेस के इस सदस्यता अभियान की सफलता को देखते हुए इसे जल्द ही प्रदेश स्तर पर भी शुरू किया जा सकता है। 

जिला कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा ने मीडिया को पार्टी के इस सदस्यता अभियान की प्रकिया के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अभियान के तहत मिस्ड कॉल करने वाले लोगों से जिला कांग्रेस कमेटी संपर्क करती है। जिसके बाद चयनित लोगों को प्रत्येक रविवार पार्टी कार्यालय में बुलाया जाता है। जहां इन लोगों को औपचारिक तौर पर कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दी जाती है। अब तक पांच हजार से ज्यादा लोगों के मिस्ड कॉल आ चुके हैं।

कांग्रेस नेता ने बताया कि कांग्रेस पार्टी का सदस्य बनने के लिए भोपाल, विदिशा सहित प्रदेश भर के तमाम शहरों से भी फोन आ रहे हैं। लिहाज़ा इस अभियान को जल्द ही प्रदेश स्तर पर भी शुरू किया जाएगा। 

वहीं इसके अलावा प्रदेश में जल्द ही महंगाई को लेकर भी ऐसा ही एक अभियान चलाए जाने की संभावना है। लोगों को बुलाकर कांग्रेस पार्टी महंगाई के मुद्दे पर शिकायत फॉर्म भरवाएगी। इन पत्रों को पीसीसी और राष्ट्रीय स्तर पर भी भेजा जाएगा।