MP की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के संकेत, सरकार बनाने के लिए खड़गे ने नियुक्त किए चार क्षेत्रवार पर्यवेक्षक

मध्य प्रदेश में सरकार बनाने के लिए सक्रिय हुआ कांग्रेस हाईकमान, शिव भाटिया AICC सेक्रेट्री नियुक्त, चार पर्यवेक्षकों की भी नियुक्ति, चुनाव संबंधी तमाम सर्वे रिपोर्ट्स में कांग्रेस का पलड़ा भारी

Updated: Apr 22, 2023, 05:01 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो गया है। चुनाव संबंधी सर्वे रिपोर्ट्स ने एक ओर जहां भाजपा नेताओं की नींद उड़ा दी है, वहीं कांग्रेस सत्ता वापसी को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है। राज्य में सत्ता वापसी के संकेत के बीच कांग्रेस हाईकमान भी सक्रिय हो गया है। शीर्ष नेतृत्व ने राज्य में सरकार बनाने के लिए चार क्षेत्रवार पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अर्जुन मोढवाडिया, सुभाष चोपड़ा, कुलदीप सिंह राठौर और प्रदीप टम्टा को बनाया मध्य प्रदेश में पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। बताया जा रहा है कि उन्हें प्रदेश के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। वे सभी राज्य में कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल को रिपोर्ट करेंगे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं भाजपा के कई नेता, सिवनी मालवा पहुंचे कमलनाथ का बड़ा दावा

कांग्रेस अध्यक्ष ने दो सह प्रभारियों की भी नियुक्ति की है। हिमाचल प्रदेश में प्रभारी संजय दत्त को वहां से पदमुक्त कर अब उन्हें मध्य प्रदेश में कांग्रेस सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। साथ ही मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया समन्वयक रहे शिव भाटिया को एआईसीसी सेक्रेट्री नियुक्त किया गया है। वे दोनों भी कांग्रेस प्रभारी जेपी अग्रवाल को रिपोर्ट करेंगे। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

दरअसल, मध्य प्रदेश में चुनाव पूर्व हो रहे तमाम सर्वे इस बात के संकेत दे रहे हैं कि राज्य में कांग्रेस का पलड़ा भारी है। देशभर के राजनीतिक घटनाक्रम और चुनावों पर बारीक नजर रखने वाले स्मॉल बॉक्स इंडिया द्वारा हाल ही में जारी सर्वे रिपोर्ट में 135 सीटें मिलने का अनुमान बताया गया था। सूत्रों के मुताबिक इंटेलिजेंस रिपोर्ट में भी सत्ताधारी दल बीजेपी की स्थिति खराब बताई गई है। 

यह भी पढ़ें: बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे दिग्विजय सिंह, गर्भगृह में सपत्नीक पूजन-अर्चन और अभिषेक किया

ऐसे में अब कांग्रेस हाईकमान भी राज्य में सरकार गठन को लेकर सक्रिय हो गया है। एआईसीसी द्वारा हाल ही में कराए गए सर्वे में भी यह बात सामने आई है कि राज्य में कांग्रेस के पक्ष में बहुत मजबूत लहर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी तो पत्रकारों से कह चुके हैं कि लिखकर रख लें, मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी चुनाव जीतने जा रही है। सूत्रों के मुताबिक हाईकमान ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को कहा है इस चुनाव में करीबी मुकाबले से नहीं, बल्की प्रचंड जीत दर्ज करने के लिए मेहनत करें। बता दें कि 230 सीटों वाली राज्य विधानसभा में बहुमत के लिए 116 सीटों की आवश्यकता है। हालांकि, कांग्रेस 150 सीटों का टारगेट लेकर चल रही है।