Ratlam: कांग्रेस विधायक ने निकाली विशाल ट्रैक्टर रैली
प्रदेश में जगह जगह किसानों के समर्थन में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतर रहे हैं, इसी सिलसिले में आज रतलाम के सैलाना में ट्रैक्टर रैली निकाली गई

भोपाल। मध्य प्रदेश में केंद्र के कृषि कानूनों का पुरजोर विरोध हो रहा है। कांग्रेस पार्टी भी अब खुलकर किसानों के समर्थन में उतर आई है। पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के बड़े नेता तो किसानों के समर्थन में हैं ही, और अब स्थानीय स्तर पर भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ट्रैक्टर रैलियों का आयोजन कर रहे हैं।
ऐसा ही एक नज़ारा आज मध्य प्रदेश के रतलाम के सैलाना में देखने को मिला। सैलाना से स्थानीय कांग्रेस विधायक हर्ष विजय गहलोत के नेतृत्व में विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई। जिसके ज़रिए किसानों का समर्थन और मोदी सरकार के तीनों कानूनों के प्रति कांग्रेस पार्टी का विरोध दर्ज कराया गया। ट्रैक्टर रैली में हर्ष विजय गहलोत के पीछे सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। तमाम ट्रैक्टरों के ऊपर कांग्रेस का झंडा लगाया गया था।
रतलाम के सैलाना में विशाल ट्रेक्टर रैली :
— MP Congress (@INCMP) January 17, 2021
मोदी सरकार के तीन काले कृषि कानूनों के खिलाफ रतलाम ज़िले की सैलाना सीट से कांग्रेस विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में विशाल ट्रेक्टर रैली निकालकर प्रदर्शन किया गया।
“जय किसान, जय हिन्दुस्तान” pic.twitter.com/WMuYSAKrpr
सैलाना की रैली की सूचना अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस ने लिखा, ' जय किसान, जय हिंदुस्तान।'