बृजेन्द्र सिंह के निधन से शोक में डूबी कांग्रेस, विवेक तन्खा बोले- काल के क्रूर हाथों ने मेरा एक और मित्र छीन लिया

कोरोना ने ली बुंदेलखंड के जनप्रिय नेता बृजेन्द्र सिंह की जान, कांग्रेस परिवार में पसरा मातम, युवा नेताओं को बेटे की तरह मानते थे राठौर, दिग्विजय सिंह बोले- मेरे पारिवारिक सदस्य चले गए

Updated: May 02, 2021, 06:10 PM IST

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायक बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन से मध्य प्रदेश कांग्रेस परिवार में मातम पसरा हुआ है। बुंदेलखंड के जनप्रिय नेताओं में शुमार राठौर की अचानक मौत से कांग्रेस के सभी नेता स्तब्ध हैं। कांग्रेस ने कहा है कि राठौर का जाना एक अपूरणीय क्षति है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत कई दिग्गजों ने राठौर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने राठौर के निधन पर कहा की काल के क्रूर हाथों ने मेरा एक और मित्र छीन लिया। तन्खा ने ट्वीट किया, 'काल के क्रूर हाथों ने मेरा एक ओर  मित्र छीन लिया। श्री ब्रजेन्द्र सिंह जी सह्रदय, सहज राज नेता थे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों मे स्थान दे साथ ही उनके परिवार को इस असीम दुःख सहने के शक्ति दे। ओम शांति ओम।' 

दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, 'बृजेंद्र राठौर नहीं रहे। मेरे निकटतम साथी योग्य राजनेता लोकप्रिय जन नेता इतनी जल्दी चले जाएँगे कभी सोचा भी नहीं था। मेरे पारिवारिक सदस्य चले गए। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ॐ शांति ॐ शान्ति ॐ शांति।' 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी राठौर के निधन पर शोक व्यक्त व्यक्त किया है। सीएम ऑफिस ने ट्वीट किया, 'मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व मंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं, ईश्वर उन्हें संबल दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।' 

बीजेपी के राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री बृजेंद्र सिंह राठौर जी के दुःखद निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दे।' 

कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत हानि है जिसका भरपाई असंभव है। जयवर्धन ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्वमंत्री श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर जी के निधन की दुखद ख़बर प्राप्त हुई है। ये मेरे लिये एक व्यक्तिगत हानि हैं जिसकी भरपाई असंभव है। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।' 

कांग्रेस विधायक जीतु पटवारी ने कहा कि उनसे मिला दुलार एक बेटे को ही नसीब होता है। पटवारी ने ट्वीट किया, 'कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री बृजेन्द्र सिंह राठौर जी के निधन की दुखद ख़बर प्राप्त हुई है। ये मेरे लिये एक व्यक्तिगत हानि हैं जिसकी भरपाई असंभव है। उनसे मिला  प्यार और दुलार एक बेटे को ही नसीब होता है। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।' 

बुंदेलखंड के जनप्रिय नेताओं में शुमार थे राठौर

बृजेन्द्र सिंह राठौर मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड अंचल के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शुमार थे। उनका राजनीतिक करियर बेहद शानदार रहा है। राठौर ने यूथ कांग्रेस की जिला इकाई से जनसेवा के इस सफर की शुरुआत की थी। वे निवाड़ी और पृथ्वीपुर दोनों विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़कर जीत दर्ज करने में सफल हुए थे। साल 2018 में जब कमलनाथ की सरकार बनी तब उन्हें वाणिज्य कर विभाग का मंत्री बनाया गया था। पिछले एक हफ्ते में ये दूसरे कांग्रेस विधायक है जिनकी कोरोना वायरस ने जान ली। बीते 24 अप्रैल को ही जोबट से कांग्रेस की विधायक कलावती भूरिया का निधन हुआ था।