मुरलीधर राव के खिलाफ प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे FIR, दिग्विजय सिंह ने कहा कोर्ट में देना होगा जवाब

मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रभारी मुरलीधर राव ने दिग्विजय सिंह को कहा था पाकिस्तान का दोस्त, अब सिंह ने किया पलटवार, कहा- BJP IT cell के अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना को जानते हैं?

Updated: Apr 03, 2023, 11:57 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रभारी मुरलीधर राव  अपनी वाचाल प्रवृति के कारण मुश्किलों में फंसते नजर आ रहे हैं। मुरलीधर राव के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में FIR कराएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राव से कहा है कि आपको अब कोर्ट में जवाब देना पड़ेगा।

दरअसल, बीजेपी प्रभारी मुरलीधर राव ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए उन्हें पाकिस्तान का दोस्त बताया था। अब दिग्विजय सिंह ने तथ्यों के साथ बीजेपी की घेरना शुरू कर दिया है। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया कि, 'मुरलीधर जी क्या आप भोपाल बीजेपी आईटी सेल के अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना को जानते हैं? क्या आप सतना के बजरंग दल के अध्यक्ष बलराम सिंह को जानते हैं? क्या आप बलराम सिंह के मित्र राजीव तिवारी को भी जानते हैं? इन सभी को व इनके 14 और साथियों को MP पुलिस की ATS ने पाकिस्तान की ISI के लिए जासूसी करते हुए पकड़ा था।'

दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा, 'लेकिन आप के मामा जी (सीएम शिवराज) ने इनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा क्यों नहीं चलाया? उन सभी देशद्रोहियों की जमानत कैसे होने दी? क्या आप मामा जी से पूछेंगे? आप में साहस है? आज वे सभी देशद्रोही जमानत पर हैं और पाकिस्तान से कमाए काले धन से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में आप की सेवा कर रहे हैं। अब आप बतायें कौन देशद्रोही है? वे और आप या मैं?'

दिग्विजय सिंह ने मुरलीधर राव को निशाने पर लेते हुए आगे लिखा, 'मुरलीधर राव जी कृपया आप के साथ बैठे लोगों से तो पूछ लें ध्रुव सक्सेना कौन है? इस पर मामा शिवराज ने NSA क्यों नहीं लगाया? इसके मकान पर bull dozer क्यों नहीं चलाया?' आपने मुझ पर जो आरोप लगाये हैं, आप को अदालत में जवाब देना होगा।'

इससे पहले कमलनाथ ने भी राव को जवाब देते हुए कहा था कि, 'बीजेपी के लोग कुछ भी कहें दिग्विजय सिंह के बारे में... सभी लोग जानते हैं दिग्विजय सिंह किसके दोस्त हैं और किसके दोस्त नहीं हैं। सबसे पहले तो दिग्विजय सिंह मेरे दोस्त हैं।' बहरहाल, अब एमपी के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता मुरलीधर राव के खिलाफ एफआईआर करेंगे।

बता दें कि भाजपा के प्रभारी नियुक्त होने के बाद से मुरलीधर राव कई बार विवादास्पद बयान दे चुके हैं। पिछले साल उन्होंने कहा था कि मेरी एक जेब में ब्राह्मण और एक में बनिया रहते हैं। इस बयान कि काफी आलोचना हुई थी। इतना ही नहीं सिंधिया और उनके समर्थकों को उन्होंने सार्वजनिक मंच से विभीषण कहकर पुकारा था। इसे लेकर बाद सिंधिया खेमे में काफी नाराजगी थी। बहरहाल, इस बार दिग्विजय सिंह के खिलाफ टिप्पणी कर वे फंसते नजर आ रहे हैं।