समय, स्थान और जज आप तय करें, मैं आमने-सामने बहस के लिए तैयार, राहुल गांधी ने पीएम मोदी को दी चुनौती
एक दिन पहले राहुल गांधी ने कहा था कि मोदीजी आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने हुए हैं। आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में है और उसे उनका समर्थन हासिल है।
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने 24 घंटे के अंदर दूसरी बार पीएम मोदी को खुला चैलेंज देते हुए विदेशी मदद के दावे पर खुली बहस की चुनौती दी है। कांग्रेस नेता ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "24 घंटे हो गए मोदी जी। मैंने आपको चैलेंज दिया है। आप कहते हो कि विपक्ष देशद्रोही है। किसी भी स्टेज पे आप जगह चुनिए, डिबेट कीजिए मेरे साथ।"
राहुल गांधी ने कहा, "देशद्रोही कौन है? विदेशी फोर्सेस का कनेक्शन किसका है? और किस प्रकार का कनेक्शन है? जल्दी से जल्दी कीजिए, डरिए मत। दोनों मिलेंगे, मीडिया होगी, देश के युवा होंगे, टेबल होगी, एक साइड आप बैठोगे, एक साइड मैं बैठूंगा। जिसको आप जज बनाना चाहते हो, बना दो। मोहन भागवत जी को बिठा दो, चलो। और फिर डिबेट करते हैं।"
लोकसभा में नेता विपक्ष ने कहा कि "सवाल उठेंगे फाइनेंशियल सिस्टम पर, फाइनेंशियल स्ट्रक्चर पर, अमेरिका से डील कैसे हुई, क्यों हुई, इतनी जल्दी क्यों हुई, सिर्फ आपने क्यों की, कैबिनेट को क्यों नहीं बताया, अडानी का केस बंद क्यों हुआ, एपस्टीन- ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिसपे खुलकर डिस्कशन होगा। आ जाइए, डरिए मत। दूध का दूध, पानी का पानी कीजिए।
अंत में राहुल गांधी ने कहा, "आप एलिगेशन लगाते हैं ना मेरे ऊपर, आ जाइए, सब साफ हो जाएगा। बाकी चीजों पे आपने डिफेमेशन केस लगा रखा है, शायद 45 डिफेमेशन केस मेरे ऊपर हैं। मगर इस डिबेट मामले पर, फॉरेन कनेक्शन पर आप डिफेमेशन नहीं लगा रहे हो। लगाइए ना, वहां भी डिस्कस करेंगे, खुल के। ये सब डिस्कस करते हैं, आइए। हैप्पी दिवाली, मोदी जी।"
राहुल गांधी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि भारत के युवाओं, क्या आप राहुल गांधी और नरेंद्र मोदी के बीच खुली बहस देखना चाहते हैं? उन्होंने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान और योगी आदित्यनाथ को टैग करते हुए लिखा कि आप सभी हमेशा प्रधानमंत्री के हितों का ध्यान रखते हैं। कृपया उन्हें इस बहस के लिए आने को मनाइए।




