महाकाल मंदिर के मुख्य पुजारी को देवेंद्र फडणवीस ने भेजा शपथ ग्रहण का न्यौता, मंगवाया भस्म-प्रसाद

फडणवीस ने उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित आशीष पुजारी को विशेष रूप से आमंत्रित किया है।

Updated: Dec 04, 2024, 01:40 PM IST

उज्जैन| महाराष्ट्र में 5 दिसंबर को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा, और देवेंद्र फडणवीस का मुख्यमंत्री पद पर आसीन होना लगभग तय माना जा रहा है। इस महत्वपूर्ण अवसर के लिए फडणवीस ने उज्जैन के प्रसिद्ध महाकाल मंदिर के पुजारी पंडित आशीष पुजारी को विशेष रूप से आमंत्रित किया है। उन्होंने स्वयं पंडित आशीष पुजारी को फोन कर निमंत्रण दिया और महाकाल की भस्म, प्रसाद, दुपट्टा और रुद्राक्ष की माला लेकर आने का अनुरोध किया है।

 

पंडित आशीष पुजारी ने बताया कि उन्हें फडणवीस द्वारा व्यक्तिगत रूप से बुलाया गया है और उनके मुंबई आने-जाने के लिए फ्लाइट टिकट, रुकने की व्यवस्था और गाड़ी का प्रबंध किया गया है। पुजारी ने कहा कि वे महाकाल का प्रसाद और अन्य धार्मिक सामग्री लेकर आज शाम को उज्जैन से मुंबई के लिए रवाना होंगे। समारोह में शामिल होकर वे महाराष्ट्र के भावी मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देंगे और अगले दिन या परसों उज्जैन लौट आएंगे।

 

भगवान महाकाल के प्रति अपनी गहरी आस्था के लिए प्रसिद्ध देवेंद्र फडणवीस ने इससे पहले भी मुख्यमंत्री बनने के बाद उज्जैन आकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया था। अपने पिछले कार्यकाल में भी वे कई बार महाकाल मंदिर में दर्शन और पूजन करने आए थे। महाकाल के प्रति उनकी श्रद्धा को देखते हुए उन्होंने इस बार भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए महाकाल की भस्म और प्रसाद मंगवाया है।

यह भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका को पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर रोका, संभल जाने के लिए अड़े नेता प्रतिपक्ष

पंडित आशीष पुजारी ने इस निमंत्रण को अपने लिए एक बड़ा सम्मान बताया और कहा कि देवेंद्र फडणवीस भगवान महाकाल के अनन्य भक्त हैं। इस अवसर पर महाकाल का आशीर्वाद लेकर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है। महाराष्ट्र के राजनीतिक परिदृश्य में यह शपथ ग्रहण समारोह बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, और इसमें धार्मिक और आध्यात्मिक परंपराओं का सम्मिलन भी देखने को मिलेगा।