राजसत्ता की देवी मां पीतांबरा का आशीर्वाद लेकर ग्वालियर संभाग में चुनावी शंखनाद करेंगे दिग्विजय सिंह, शुक्रवार से तीन दिवसीय दौरा शुरू

शुक्रवार से तीन दिन ग्वालियर संभाग के दौरे पर रहेंगे दिग्विजय सिंह, दतिया, शिवपुरी और गुना में मंडलम सेक्टर अध्यक्षों की लेंगे बैठक, कार्यकर्ताओं को सिखाएंगे चुनाव प्रबंधन के गुर

Updated: Mar 17, 2023, 09:34 AM IST

दतिया। कांग्रेस के कद्दावर नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों प्रदेशभर में दौरे कर रहे हैं। विंध्य क्षेत्र के बाद अब सिंह ग्वालियर संभाग के दौरे पर रहेंगे। शुक्रवार को पीतांबरा पीठ से विजयश्री का आशीर्वाद लेकर सिंह ग्वालियर संभाग में चुनावी शंखनाद करेंगे।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का यह दौरा कांग्रेस की विशेष रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत पिछले हफ्ते वे विंध्य क्षेत्र के दौरे पर थे। अब वह दतिया, शिवपुरी और गुना जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रबंधन के गुर सिखाएंगे। जानकारी के मुताबिक सिंह देर रात करीब ढाई बजे दतिया पहुंचेंगे। रात्रि विश्राम के बाद सुबह सबसे पहले वे पीतांबरा पीठ जाएंगे और मां बगलामुखी के आशीर्वाद लेंगे। दरअसल, प्रसिद्ध तांत्रिक पीठ श्री पीतांबरा मंदिर में विराजी मां बगुलामुखी को राजसत्ता की देवी माना जाता है। 

यह भी पढ़ें: पेसा कोऑर्डिनेटर्स नियुक्ति घोटाले की जांच के लिए STF गठित करें, दिग्विजय सिंह ने लिखा सीएम शिवराज को पत्र

पीतांबरा पीठ पर मां बगुलामुखी से विजय का आशिर्वाद मांगकर शीर्ष दलों के नेता चुनाव अभियान की शुरूआत करते आए हैं। राजसत्ता प्राप्ति में मां की पूजा का विशेष महत्व होता है। साल 2018 विधानसभा चुनाव से पूर्व राहुल गांधी भी मां पीतांबरा शक्तिपीठ के दरबार पर माथा टेकनेे आए थे और राज्य में काफी साल बाद कांग्रेस की वापसी हुई थी। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसी बड़ी हस्तियां मां पीतांबरा के दरबार में आती रही हैं। 

बताया जाता है कि साल 1962 में चीन ने जब भारत पर हमला किया और दूसरे देशों ने सहयोग देने से मना कर दिया था, उस संकट की घड़ी में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू दतिया आए थे और देश की रक्षा के लिए मां पीतांबरा का 51 कुंडीय महायज्ञ कराया था। बहरहाल, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मां पीतांबरा का दर्शन लाभ लेने के बाद कांग्रेस के मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों के साथ सीधा संवाद करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे कांग्रेस के समस्त कार्यकर्ताओं की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद शुक्रवार को ही वे शिवपुरी जाएंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।

यह भी पढ़ें: हिटलर, गोडसे और सावरकर की विचारधारा से लड़ाई है, पीएम मोदी पर टिप्प्णी मामले में बोले राजा पटेरिया

शनिवार को दिग्विजय सिंह गुना और बमौरी के दौरे पर रहेंगे। शनिवार सुबह करीब 10 बजे वे गुना में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसके बाद गुना विधानसभा क्षेत्र के मंडलम सेक्टर अध्यक्षों से चर्चा करेंगे। साथ ही पार्टी के सभी इकाइयों के कार्यकर्ताओं के साथ भी अलग से बैठक करेंगे। इसके बाद वे बमोरी पहुंचेंगे। यहां भी मंडलम सेक्टर अध्यक्षों और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ वे बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद यहां पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनावी प्रबंधन के गुर सिखाएंगे। शनिवार देर शाम सिंह लटेरी के आनंदपुर आश्रम जाएंगे। अगले सुबह आश्रम में आयोजित मुरारी बापू के कथा में भी शामिल होंगे। राम कथा समापन के बाद सिंह भोपाल के लिए रवाना होंगे। सिंह का यह दौरा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।