दीवार गिरने से हुई मौत पर FIR करवाएंगे दिग्विजय सिंह

BJP Govt: राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का आरोप बीजेपी की 15 सालों की सरकार में हुई सरकारी जमीन की हेराफेरी, हेराफेरी की कहानी उजागर करेंगे और बिल्डर के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करेंगे

Updated: Sep 02, 2020, 11:59 PM IST

भोपाल। भोपाल में भारी बारिश के चलते कोलार क्षेत्र में दीवार गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने स्थानीय प्रशासन पर सवाल खड़ा करते हुए कहा है कि अब तक कमज़ोर दीवार का निर्माण करने वाले बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हुई है। जिस क्षेत्र में दीवार गिरी है वह बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा का क्षेत्र है। दिग्विजय सिंह का आरोप है कि प्रशासन बीजेपी के दबाव में कार्रवाई करने से बच रही है तथा बीजेपी के दबाव में चुप है।

बीजेपी के दबाव में चुप है प्रशासन ? 

दरअसल 31 राजधानी में हाल ही में हुई भारी वर्षा के कारण प्रशासन ने कालियासोत बांध को खोल दिया था। जिसके कारण कोलार से सटे दामखेड़ा की एक बस्ती में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने उस क्षेत्र का दौरा भी किया था और बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी। लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से बिल्डर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। दिग्विजय सिंह का आरोप है कि प्रशासन बीजेपी के दबाव में कार्रवाई करने से बच रही है तथा बीजेपी के दबाव में चुप है। दिग्विजय सिंह ने बीजेपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि परिजनों को न तो आज तक मुआवजा मिला है और न ही बिल्डर के विरूद्ध कोई कार्रवाई की गई है। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि इससे पहले 25 जून को भी वही दीवार गिरने से एक और मकान भी क्षति हुई थी।

बिल्डर के विरुद्ध एफआईआर मैं खुद करवाऊंगा 

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि अब वे खुद दीवार का निर्माण करने वाले बिल्डर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा है कि 'उस दीवार का निर्माण इतना घटिया है कि उसी बिल्डर के द्वारा बनाई हुई मल्टी स्टोरी बिल्डिंग भी ख़तरे में है। मैंने तय किया है उस बिल्डर के विरुद्ध FIR दर्ज कराने मैं कल 3 सितंबर को कोलार थाने जाउंगा।'

शासकीय ज़मीन की हेरा फेरी हुई है 

दिग्विजय सिंह ने कहा है कि बीजेपी के 15 वर्षों के शासन काल में बहुत बड़े पैमाने पर शासकीय ज़मीन की हेराफेरी हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा है कि वे जल्द ही शासकीय ज़मीन की हेराफेरी की कहानी उजागर करने वाले हैं और उसके लिए वे खुद रिसर्च कर रहे हैं।