भोपाल स्थित MPT की विंड्स एंड वेव्स रेस्टोरेंट में इलेक्ट्रीशियन की मौत, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम

पुलिस के मुताबिक इलेक्ट्रीशियन की मौत करंट लगने की वजह से हुई है। हालांकि, परिजनों का कहना है कि उनसे कुछ छिपाया जा रहा है।

Updated: Feb 22, 2024, 05:24 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बोट क्लब इलाके में स्थित MPT की विंड्स एंड वेव्स रेस्टोरेंट में इलेक्ट्रीशियन की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक इलेक्ट्रीशियन की मौत करंट लगने की वजह से हुई है। हालांकि, परिवार को अनहोनी की आशंका है। परिजनों का कहना है कि हमसे कुछ छिपाया जा रहा है।

घटना को लेकर आक्रोशित परिजनों ने जांच की मांग करते हुए रॉयल मार्केट चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित मौके पर हैं।बताया जा रहा है कि शाहजहांनाबाद इलाके के मजदूर नगर निवासी यशवंत यादव (24) विंड्स एंड वेव्स रेस्टोरेंट में इलेक्ट्रीशियन का काम करते थे।

बुधवार रात रेस्टोरेंट स्टाफ ने उनके घर जानकारी दी कि यशवंत बेहोश हो गए हैं। उन्हें अस्पताल ले जा रहे हैं। बाद में उनकी मौत की सूचना मिली। बताया जा रहा है कि डेढ़ महीने बाद उनकी शादी होना थी।

मृतक के पिता हेमराज यादव ने बताया कि बेटा बुधवार दोपहर 12 बजे नौकरी के लिए घर से निकला था। रात 8.30 बजे उन्हें और उनके दूसरे बेटे अशोक को कॉल पर जानकारी दी गई कि यशवंत की मौत हो गई है। अस्पताल पहुंचे तो वहां रेस्टोरेंट मैनेजमेंट के लोग मौजूद थे। हमें मौत का कारण नहीं बताया गया। 50 हजार रुपए दिए और कहा कि अंतिम संस्कार कर देना। सिर्फ यह बताया कि बेटा अचानक बेहोश होकर गिर गया। उसे अस्पताल में लाए। यहां मौत हो गई।

मामले पर थाना प्रभारी राम विलास सिंह विमल ने बताया कि शुरुआती जांच में करंट से मौत होना लग रहा है। रेस्टोरेंट स्टाफ ने भी यही जानकारी दी थी। पीएम कराया गया है। रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ हो जाएगी।