मास्क न लगाने वालों का चालान काट रही थी नकली महिला पुलिसकर्मी, असली पुलिस ने रंगे हाथ पकड़ा

महिला पुलिस की वर्दी पहनकर मास्क न लगाने वाले लोगों के चालान काट कर अपनी जेब भर रही थी, स्थानीय लोगों द्वारा महिला की शिकायत करने पर पुलिस कर्मियों ने महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया

Updated: Mar 26, 2021, 12:41 PM IST

रतलाम। रतलाम पुलिस ने एक फर्जी महिला पुलिसकर्मियों को धर दबोचा है। महिला पिछले चार दिनों से शहर में मास्क न लगाने वाले लोगों के चालान काट कर अवैध वसूली कर रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद आज पुलिस ने आखिरकार नकली पुलिसकर्मी को पकड़ ही लिया।  

रतलाम के स्टेशन रोड थाने की पुलिस ने अवैध वसूली करते हुए फर्जी महिला पुलिसकर्मी को रंगे हाथों पकड़ा है। महिला पुलिस की वर्दी में मास्क लगाकर रोडवेज बस स्टैंड पर वसूली कर रही थी। महिला नगर निगम की चालानी कार्रवाई करने वाली टीम के कर्मचारियों के साथ पिछले चार दिनों से बगैर मास्क घूमने वाले लोगों के चालान काट रही थी। वहीं, मौका पाकर लोगों से अवैध वसूली भी कर रही थी।  

 महिला महू नीमच रोड स्थित बस स्टैंड क्षेत्र में लोगों से अवैध वसूली कर अपनी जेब भर रही थी। स्थानीय लोगों को जब इस फर्जी महिला पुलिसकर्मी के ऊपर शक हुआ तब उन्होंने महिला की शिकायत पुलिस से कर दी। इसके बाद स्टेशन रोड थाने के जवानों ने इस फर्जी पुलिसकर्मी को अवैध वसूली करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस की गिरफ्त में आई इस नकली पुलिसकर्मी ने खुद का नाम निकिता बताया है। 

इस समय सोशल मीडिया पर नकली महिला पुलिसकर्मी का वीडियो भी वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ असली पुलिसकर्मी नकली पुलिसकर्मी से पूछताछ करते हुए नज़र आ रहे हैं। पुलिसकर्मी जब महिला से पूछते हैं तो महिला पुलिस के सवालों का बिना जवाब दिए आगे बढ़ जाती है। पुलिसकर्मी महिला से वीडियो में कह रहे हैं कि तुम रुक क्यों नहीं रही हो? तुम्हें किसने चालान काटने के लिए कहा है? लेकिन महिला बिना जवाब दिए आगे बढ़ी जाती है। थोड़ी ही दूर आगे जाने पर कुछ अन्य पुलिसकर्मी महिला को रोक लेते हैं।  

पुलिसकर्मी महिला से उसके थाने के बारे में पूछते हैं। महिला कहती है कि वो ग्यारह थाने से है। पुलिसकर्मी महिला से सही सही बताने के लिए कहते हैं, इसके बाद नाहिला कहती है कि मैं तो बस मास्क लगाने के लिए कह रही हूँ। किसी से पैसे थोड़ी ले रही हूँ।  बहरहाल, स्टेशन रोड थाना पुलिस नगर निगम की चालानी कार्रवाई करने वाली टीम के सदस्यों से भी महिला के बारे में जानकारी जुटा रही है। वहीं, महिला द्वारा बताए गए संबंधित थाने से भी जानकारी जुटाई जा रही है।